यमुना के जलस्तर पर CM केजरीवाल की गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी, कहा – यह बहुत चिंता की बात

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है। सीएम केजरीवाल ने यमुना के बढ़ रहे जलस्तर की समस्या को रखा है। सीएम केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में 3 दिन से बारिश नहीं हुई, फिर भी यमुना का स्तर बढ़ रहा है। सीएम केजरीवाल ने हथिनीकुंड से लगातार पानी छोड़ने को यमुना के बढ़ रहे जलस्तर की वजह बताया है।
सीएम केजरीवाल ने पत्र में लिखा आज दोपहर 1 बजे दिल्ली में यमुना का स्तर 207.55 मीटर पहुँच गया है। ये खतरे के निशान (205.33 मीटर) से बहुत ऊपर है। इसके पहले यमुना का अभी तक अधिकतर स्तर वर्ष 1978 में पहुँचा था जो कि 207.49 मीटर था। उस वक्त दिल्ली में बाढ़ आ गई थी और काफी गंभीर स्थिति हो गई थी। 207.55 मीटर के स्तर पर अब यमुना में कभी भी बाढ़ आ सकती है।
सीएम ने बताया कि अभी आये सेंट्रल वाटर कमीशन के अनुमान के अनुसार आज रात को यमुना का स्तर 207.72 मीटर पहुँच जाएगा जो कि बहुत चिंता की बात है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली में पिछले तीन दिन से बारिश नहीं हुई। दिल्ली में यमुना में पानी का स्तर दिल्ली की बारिश की वजह से नहीं बढ़ रहा, बल्कि हरियाणा में स्थित हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की वजह से लगातार बढ़ रहा है। मेरा आपसे विनम्र निवेदन है कि यदि संभव हो तो हथिनीकुंड बैराज से पानी को एक सीमित गति से ही छोड़ा जाए ताकि दिल्ली में यमुना का स्तर और न बढ़े।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली देश की राजधानी है। और कुछ हफ्तों में यहाँ G20 शिखर वार्ता होने जा रही है। देश की राजधानी में बाढ़ की खबर से दुनिया में अच्छा संदेश नहीं जाएगा। हम सबको मिलकर इस स्थिति से दिल्ली के लोगों को बचाना है।
सीएम केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखे पत्र को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से भी शेयर किया है।