Bareilly News: अधूरे पुल से कार गिरने से तीन की दर्दनाक मौत, गूगल मैप देखकर चल रहा था चालक

Bareilly News

Bareilly News

Share

Bareilly News: कार सवार लोग गूगल मैप के सहारे दातागंज की तरफ से खल्लपुर होते हुए फरीदपुर आ रहे थे। पुल अभी आधा ही बना हुआ है, लेकिन फरीदपुर की तरफ पुल नहीं है। पुल का यह हिस्सा बाढ़ में बह गया था। तब से यह पुल अधूरा ही पड़ा है।

उत्तर प्रदेश के बरेली और बदायूं सीमा पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। फरीदपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी पर फरीदपुर-बदायूं के दातागंज को जोड़ने वाले अधूरे पुल से टैक्सी परमिट की कार पुल से नीचे गिर गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। खल्लपुर गांव के लोग रविवार सुबह रामगंगा के किनारे पहुंचे तो उन्होंने कार को पड़ा देखा। कार सवार तीनों लोगों की मौत हो चुकी थी। उन्होंने ने ही पुलिस को सूचना दी।

25 फीट नीचे रामगंगा में गिरी

बताया जा रहा है कि कार सवार लोग गूगल मैप के सहारे दातागंज की तरफ से खल्लपुर होते हुए फरीदपुर आ रहे थे। उन्हें पुल के बारे में जानकारी नहीं थी। कार तेज रफ्तार में रही होगी, जिससे कार चालक कार रोक नहीं पाया और पुल खत्म होते ही करीब पच्चीस फीट नीचे रामगंगा में गिर गई, जिससे कार में सवार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जिस जगह पर कार गिरी वहां पानी नहीं था। पास गड्ढे में पानी भरा था, जो खून से लाल हो गया। जब ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे मंजर देख दंग रह गए थे। सूचना मिलने के बाद फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रामगंगा नदी के उस पार से तीनों के शव नाव से फरीदपुर की तरफ लाए गए। फरीदपुर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बरेली होकर गाजियाबाद जा रहे थे

तीनों मृतकों की पहचान हो गई है। हादसे में मैनपुरी निवासी कौशल कुमार, फर्रुखाबाद के विवेक कुमार व अमित कुमार की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक तीनों लोग सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। यह किसी शादी समारोह में शामिल होकर बरेली से गाजियाबाद जा रहे थे। पुलिस ने परिवार के लोगो को सूचना दे दी है।

दातागंज क्षेत्र को बरेली के फरीदपुर तहसील से जोड़ने के लिए मुड़ा गांव पर पुल बना है। 24 पिलर के इस पुल में 21 पिलर फरीदपुर क्षेत्र में और 3 पिलर बदायूं के दातागंज क्षेत्र में आते हैं। साल 2022 में आई बाढ़ में आधा हिस्सा बह जाने के कारण पुल पर आवागमन बंद हैं।

यह भी पढ़ें CM भगवंत मान ने राज्य में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप