Assam : भाजपा असम को विभाजित कर रही : राहुल गांधी

Assam : कांग्रेस पार्टी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ नगालैंड से असम पहुंच गई है। यह यात्रा असम (Assam) के 17 जिलों से गुजरेगी और 833 किमी का सफर तय करेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही यह यात्रा 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा नगालैंड से शिवसागर जिले के हलुवाटिंग होते हुए असम पहुंची। राहुल गांधी ने सुबह नगालैंड के तुली से बस यात्रा फिर से शुरू की और तकरीबन 9:45 बजे असम पहुंचे।
असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी
हलुवाटिंग में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया और राज्य में 8 दिवसीय यात्रा के लिए कांग्रेस पार्टी की असम इकाई के नेताओं को राष्ट्रीय ध्वज सौंपा गया। असम में यह यात्रा पच्चीस जनवरी तक जारी रहेगी। असम के शिवसागर जिले के अमगुरी और जोरहाट जिले के मारियानी इलाके में राहुल 2 जनसभाओं को संबोधित भी करेंगे। साथ ही, जनसभा से पहले राहुल अमगुरी और मारियानी में रोड शो भी करेंगे। असम में यात्रा सबसे बड़े नदी द्वीप माजुली से भी गुजरेगी।
सबसे भ्रष्ट सीएम असम का सीएम है
असम के लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने राज्य के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को भ्रष्ट सीएम बताया है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा और आपके मुख्यमंत्री असम को विभाजित कर रही है। शायद देश का सबसे भ्रष्ट सीएम असम का सीएम है।
असम पर खास फोकस है
सनद रहे कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के कारण असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने 18 जनवरी और 19 जनवरी को जोरहाट और डेरगांव में अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वहीं, आगामी लोकसभा चुनाव से पहले शुरू हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा में असम पर खास फोकस है। कांग्रेस सांसद के नेतृत्व में 6,713 किलोमीटर लंबी यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।
यह भी पढ़ें – DTC Bus Ticket Booking: सुगम होगी दिल्लीवासियों की बस यात्रा, घर बैठे बुक करें टिकट
Follow Us On : https://twitter.com/HindiKhabar