
नई दिल्ली: गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने अपने फेसबुक पेज पर जानकारी दी कि उनका ट्विटर अकांउट लॉक कर दिया गया है। उन्होंने अपने लॉक अकाउंट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, ‘’हम डरने वाले नहीं हैं। हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे।‘’
पार्टी ने आगे लिखा, “जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या ख़ाक डरेंगे।
हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश हैं, हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे।
अगर बलात्कार पीड़िता बच्ची को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना अपराध है, तो ये अपराध हम सौ बार करेंगे।
जय हिंद…सत्यमेव जयते।“
इससे पहले राहुल गांधी का भी अकाउंट लॉक कर दिया गया था। उन्होंने दिल्ली में एक नौ साल की रेप पीड़ित बच्ची, जिसकी बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी, उसके परिवार से मुलाकात की थी। राहुल गांधी ने इस मुलाकात की तस्वीर ट्विटर पर साझा की थी। जिस पर राष्ट्रीय बाल आयोग ने उनकी शिकायत की थी। उसके बाद ट्विटर ने न केवल राहुल गांधी का ट्वीट हटा दिया बल्कि उनके अकाउंट पर अस्थाई रोक भी लगा दी थी। अकाउंट लॉक हो जाने की वजह से दो दिन से उनका कोई ट्वीट नहीं आया है।
कांग्रेस के अन्य नेताओं के भी ट्विटर अकाउंट हुए थे लॉक
राहुल गांधी के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के सचेतक मनिकम टैगोर, असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव के ट्विटर अकाउंट भी लॉक कर दिए गए थे।
ट्विटर सरकार के दबाव में काम कर रहा है: कांग्रेस के सोशल मीडिया हेड
कांग्रेस के सोशल मीडिया हेड ‘रोहन गुप्ता’ ने कहा कि ‘ट्विटर के अनुसार नियमों के उल्लंघन के लिए पार्टी का अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है। लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि ट्विटर सरकार के दबाव में काम कर रहा है। इसने पूरे भारत में हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं के 5000 खातों को पहले ही ब्लॉक कर दिया है। उन्हें यह समझने की जरूरत है कि ट्विटर या सरकार द्वारा हम पर दबाव नहीं डाला जा सकता।‘