Uttar Pradesh

बरेली में 2.60 करोड़ की हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार, देहरादून में करता था सप्लाई

UP News : उत्तर प्रदेश के बरेली में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एएनटीएफ बरेली इकाई और थाना मीरगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है. टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 1 किलो 300 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई है. पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये है. आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 1,200 रुपये भी बरामद किए गए हैं.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान थाना फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर निवासी जब्बार खान के रूप में हुई है. टीम ने उसे थाना मीरगंज क्षेत्र में एक हॉस्पिटल के सामने से पकड़ा.

देहरादून में करता था हेरोइन की सप्लाई

एएनटीएफ की पूछताछ में जब्बार खान ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर हेरोइन की अवैध सप्लाई करता था. दोनों सस्ते में हेरोइन खरीदते थे और इसके बाद उत्तराखंड के देहरादून में अलग-अलग लोगों तक पहुंचाते थे.

गिरफ्तारी के दिन भी जब्बार हेरोइन की खेप लेकर देहरादून जाने की तैयारी में था. पुलिस के मुताबिक, वह मादक पदार्थ लेकर रास्ते से गुजर रहा था. इसी दौरान एएनटीएफ टीम को उसके बारे में सूचना मिली. टीम ने घेराबंदी कर उसे मीरगंज क्षेत्र में एक हॉस्पिटल के सामने रोक लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन बरामद हुई.

भाई और संपर्क में रहने वालों की जांच

पूछताछ में सामने आई जानकारी के बाद पुलिस अब जब्बार खान के भाई और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. एएनटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन कहां से खरीदता था और बरेली के अलावा किन-किन जनपदों में इसकी सप्लाई करता था.

पुलिस देहरादून में उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार देहरादून जाकर मादक पदार्थ की सप्लाई करता था.

एसपी अंशिका वर्मा ने बताया पूरा मामला

वहीं, एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि 4 सितंबर 2026 को थाना मीरगंज पुलिस टीम और एएनटीएफ यूनिट बरेली ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अभ्यस्त मादक पदार्थ तस्कर जब्बार खान को गिरफ्तार किया. उसके पास से 1 किलो 300 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपये है. इसके अलावा मोबाइल फोन और 1,200 रुपये भी बरामद हुए हैं.

एसपी के मुताबिक, जब्बार खान यह काम लगातार कर रहा था. करीब 25 से 30 बार इसी महीने देहरादून जाकर अन्य तस्करों को अवैध स्मैक सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है.पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें- Kanpur Aircraft Crash : कानपुर में गंगा बैराज पर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट और ट्रेनर की मौत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button