Magh Mela 2026 : माघ मेला 2026 का आज 44वां और अंतिम दिन है. छठवें और आखिरी स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ प्रयागराज संगम पर उमड़ पड़ी है. सुबह 8 बजे तक करीब 15 लाख श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगा ली थी. जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा है, वैसे-वैसे संगम तट पर लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है.
आज तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु त्रिवेणी संगम तट पर स्नान के लिए पहुंचने लगे. श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगाकर स्वय को धन्य महसूस किया. मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन संगम और भगवान शिव की पूजा का फल कई गुना बढ़ जाता है. वहीं, इस बार ग्रह-नक्षत्रों के विशेष संयोग को भी अत्यंत शुभ माना जा रहा है.
स्नान के बाद शिवालयों में जलाभिषेक
संगम में स्नान करने के बाद श्रद्धालु शहर के अलग-अलग शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं. आज के दिन अन्न, वस्त्र और स्वर्ण दान का भी विशेष महत्व बताया गया है. वहीं, कई श्रद्धालु जरूरतमंदों को दान करते नजर आए.
मेला प्रशासन ने आज करीब एक करोड़ लोगों के स्नान का अनुमान लगाया है. अधिक भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी ग्राउंड जीरो पर मौजूद हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है. शिवालयों और प्रमुख मार्गों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश
वहीं, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि, “देवाधिदेव महादेव की उपासना को समर्पित ‘महाशिवरात्रि’ के पावन स्नान पर्व पर आज तीर्थराज प्रयाग की त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाने हेतु पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवास के लिए पधारे साधकों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन. देवाधिदेव महादेव एवं पुण्य प्रदायिनी माँ गंगा की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे, साधकों की साधना एवं श्रद्धालुओं के मनोरथ पूर्ण हों, यही प्रार्थना है.”
ये भी पढ़ें- नोएडा वासियों को PM Modi का तोहफा, एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को दी मंजूरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









