Sheikh Hasina : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने की इच्छा जताते हुए 16 दिसंबर की तारीख तय की है, उन्होंने राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से दिल्ली से ढाका तक उड़ान की व्यवस्था करने की मांग की है. उनकी प्रस्तावित वापसी ऐसे समय में सामने आई है, जब बांग्लादेश में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई, मृत्युदंड और प्रत्यर्पण को लेकर राजनीतिक तनाव बना हुआ है. यह पहली बार है, जब हसीना की ओर से वापसी के लिए किसी निश्चित तारीख का ऐलान किया गया है.
16 दिसंबर बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है. साल 1971 में इसी दिन पाकिस्तान से मुक्ति के बाद बांग्लादेश ने स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई थी. हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री इसी ऐतिहासिक दिन ढाका पहुंचना चाहती हैं, उन्होंने बांग्लादेश सरकार से दिल्ली से उनकी यात्रा का इंतजाम करने की अपील की है. उनका तर्क है कि सरकार की जिम्मेदारी है कि उनकी स्वदेश वापसी का रास्ता तैयार करे.
पासपोर्ट और पहचान पत्र की भी मांग
हसीना की वापसी की तैयारी से जुड़ा यह घटनाक्रम उनके नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) की मांग के कुछ सप्ताह बाद सामने आया है. अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़कर भारत आने के बाद उनके मौजूदा यात्रा दस्तावेज रद्द कर दिए गए थे. इसके बाद उनके कानूनी प्रतिनिधियों लंदन स्थित मैट्रिक्स चैंबर्स ने 9 नवंबर को बांग्लादेश हाई कमीशन से संपर्क कर नए दस्तावेज जारी करने की मांग की थी.
प्रत्यर्पण संधि के तहत ही वापसी चाहता है ढाका
दूसरी तरफ बांग्लादेश सरकार ने हसीना को नए यात्रा दस्तावेज देने के अनुरोध पर सवाल उठाए हैं. ढाका का कहना है कि उनकी वापसी भारत और बांग्लादेश के बीच लागू प्रत्यर्पण संधि के तहत ही होनी चाहिए. बांग्लादेश पहले ही भारत से उनके प्रत्यर्पण का औपचारिक अनुरोध कर चुका है. भारतीय अधिकारी इस मांग की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच कर रहे हैं.
ऐसे में 16 दिसंबर को हसीना की प्रस्तावित वापसी कई राजनीतिक और कूटनीतिक सवाल खड़े कर रही है. फिलहाल उनकी स्वदेश वापसी को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है.
ये भी पढ़ें – पार्टी स्थापना दिवस पर मोगा से AAP का चुनावी आगाज, केजरीवाल-मान के साथ मंच पर दिखेंगे 71 उम्मीदवार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









