Bihar Accident : बिहार के लखीसराय में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. तेतरहाट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई.
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और मोतिहारी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. मंगलवार सुबह उनकी गाड़ी लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग से गुजर रही थी. इसी दौरान गुनसागर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई. हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कई लोग गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गए.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
घटना की जानकारी मिलते ही तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. राहत एवं बचाव कार्य के बाद सभी घायलों और पीड़ितों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में दो महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं. वहीं, तीन घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इनमें से एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है. परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और इससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है. इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें – पार्टी स्थापना दिवस पर मोगा से AAP का चुनावी आगाज, केजरीवाल-मान के साथ मंच पर दिखेंगे 71 उम्मीदवार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









