Guru Nanak Jayanti 2026 : देशभर में आज यानी 24 नवंबर को सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है. इस पावन अवसर को गुरु नानक प्रकाश पर्व और गुरुपर्व के नाम से भी जाना जाता है. कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाने वाला यह त्योहार सिख समुदाय के लिए बेहद खास महत्व रखता है. इस मौके पर देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में स्थित गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
पंचांग के अनुसार, इस वर्ष कार्तिक पूर्णिमा की शुरुआत 23 नवंबर की रात 11 बजकर 42 मिनट पर हुई, जबकि इसका समापन 24 नवंबर की रात 8 बजकर 23 मिनट पर होगा. इसी उदया तिथि के आधार पर गुरु नानक जयंती मंगलवार को मनाई जा रही है. इस दिन गुरुद्वारों में अखंड पाठ, विशेष अरदास, नगर कीर्तन और लंगर का आयोजन किया जाता है. श्रद्धालु गुरुद्वारों में पहुंचकर मत्था टेकते हैं और गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ सुनते हैं.
समानता और सेवा का दिया संदेश
गुरु नानक देव जी का जन्म तलवंडी में हुआ था, जिसे आज पाकिस्तान के ननकाना साहिब के नाम से जाना जाता है, उन्होंने समाज में फैली जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव जैसी कुरीतियों का विरोध किया. उनका मानना था कि सभी इंसान बराबर हैं और हर किसी के साथ प्रेम, सम्मान और सद्भाव से रहना चाहिए.
जीवन बदल सकती हैं गुरु नानक देव जी की ये सीख
गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों के माध्यम से ईमानदारी, मेहनत और निःस्वार्थ सेवा को जीवन का आधार बताया. उनकी शिक्षाओं के अनुसार ईश्वर एक है और वह हर जगह मौजूद है. व्यक्ति को मेहनत और सच्चाई से अपनी आजीविका कमानी चाहिए तथा जरूरतमंदों के साथ अपनी कमाई साझा करनी चाहिए.
इसके अलावा उन्होंने महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान देने, किसी का हक नहीं छीनने और बिना भेदभाव सभी की मदद करने की सीख दी. गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व केवल उनके जन्मोत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके विचारों को अपनाकर समाज में प्रेम, समानता और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. हिन्दी ख़बर इसकी पुष्टि नहीं करता है.
ये भी पढ़ें – अयोध्या से जनकपुर धाम तक शुरू हुई सीधी ट्रेन सेवा, 28 नवंबर से आम श्रद्धालु कर सकेंगे यात्रा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









