Dhruv Rathee : यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. साल 2018 से जुड़े मानहानि के एक मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. यह शिकायत विकास सांस्कृत्यायन की ओर से दर्ज कराई गई थी. आरोप है कि ध्रुव राठी ने अपने यूट्यूब चैनल पर ‘BJP IT Cell Part II’ नाम से एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें शिकायतकर्ता के खिलाफ कथित तौर पर झूठे और मानहानि करने वाले आरोप लगाए गए थे. हालांकि, ये सभी आरोप अभी न्यायिक प्रक्रिया के अधीन हैं.
इस मामले में अदालत इससे पहले भी ध्रुव राठी को पेश होने के लिए जमानती वारंट जारी कर चुकी है. अक्टूबर में जारी वारंट के बावजूद उनकी अदालत में पेशी नहीं हो सकी. कोर्ट को बताया गया था कि जब नोटिस तामील कराने के लिए संबंधित पते पर कर्मचारी पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था.
इसके बाद हरियाणा के गुरुग्राम स्थित ध्रुव राठी के पते पर नए समन भी जारी किए गए थे. शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया है कि वीडियो के जरिए उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया गया.
अब 3 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
सोमवार, 23 नवंबर को मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश की अनुपस्थिति में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने हुई. न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल जैन ने मामले में गैर-जमानती वारंट जारी किया है. अदालत ने अब अगली सुनवाई के लिए 3 दिसंबर की तारीख निर्धारित की है. ध्रुव राठी फिलहाल जर्मनी में रहते हैं. शिकायतकर्ता ने उनके खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी. ये मामला वर्ष 2018 में जारी किए गए वीडियो से जुड़ा है, जिसे लेकर कानूनी विवाद चल रहा है.
अब सवाल यह है कि 3 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में ध्रुव राठी की ओर से क्या जवाब सामने आता है और अदालत इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है. फिलहाल गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







