Uttar Pradesh

सरकारी कार्यक्रम में सियासी संग्राम, सांसद-विधायक के समर्थक भिड़े, मंच पर मारपीट से फटा कुर्ता

Political Clash : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक सरकारी कार्यक्रम उस समय अखाड़े में बदल गया, जब सांसद और विधायक के समर्थक आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते नारेबाजी से शुरू हुआ विवाद धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि इस दौरान विधायक के एक समर्थक के साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें चोटें आईं और उनका कुर्ता भी फट गया. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंच पर हंगामा और पुलिसकर्मियों के बीच-बचाव की कोशिश दिखाई दे रही है.

दरअसल, रविवार को सिद्धार्थनगर के बढ़नी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करने के निर्माण कार्य का शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस परियोजना पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 19 करोड़ 66 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं.

कार्यक्रम में डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल और शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के समर्थक मौजूद थे. बताया जा रहा है कि विधायक के समर्थक मंच से उनके समर्थन में नारे लगा रहे थे. इसी दौरान सांसद के समर्थक भी वहां पहुंच गए और कार्यक्रम के उद्घोषक जुग्गी राम राही को विधायक का नाम लेने से रोकने लगे.

विधायक समर्थक से मारपीट का आरोप

विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. उनके आरोप हैं कि कुछ लोग अचानक मंच पर चढ़ आए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे. इस दौरान उन्हें हल्की चोटें आईं और उनका कुर्ता फट गया. प्रदीप का कहना है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई.

विधायक के भाषण के दौरान भी हुई बहस

प्रदीप कमलापुरी ने आरोप लगाया कि मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन काफी देर तक विवाद चलता रहा, उन्होंने यह भी कहा कि उद्घोषक पर विधायक का नाम न लेने का दबाव बनाया जा रहा था. वहीं, विधायक विनय वर्मा के भाषण के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक जारी रही. मंच के नीचे से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए और अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी हुआ.

घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है. फिलहाल सामने आए आरोपों की जांच और घटना की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार में मेडिकल शिक्षा को उत्कृष्टता के नए मानकों से जोड़ने की तैयारी, विकसित होगा यूपी-एमसीईआई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button