Meta Office Hyderabad : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन ने उस वक्त उग्र रूप ले लिया, जब कार्यकर्ता सोशल मीडिया कंपनी Meta के कार्यालय में पहुंच गए. यहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया और कार्यालय में रखे गमलों को फेंककर तोड़फोड़ की. इस विरोध प्रदर्शन की वजह कांग्रेस के दो वरिष्ठ पदाधिकारियों के सोशल मीडिया अकाउंट पर लगाई गई पाबंदी बताई जा रही है. घटना के वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है.
तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्कीदी शिवचरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता Meta के कार्यालय पहुंचे, उन्होंने Meta और केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राजनीतिक दखलंदाजी हो रही है और बीजेपी तथा आरएसएस की आलोचना करने वाली आवाजों को दबाया जा रहा है.
वीडियो में प्रदर्शनकारी कार्यालय के गलियारों और कैफेटेरिया के आसपास हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोगों को गमले तोड़ते और फेंकते हुए भी देखा गया.
Meta को दिया सात दिन का अल्टीमेटम
इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर Meta को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है. संगठन ने प्रतिबंधित अकाउंट और पोस्ट बहाल करने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर अदालतों, सड़कों और कार्यालयों तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
दरअसल, खबरों के मुताबिक Meta ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के हैंडल पर पाबंदी लगाई थी. इसी के विरोध में मुंबई के बीकेसी स्थित Meta कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया गया.
BJP ने कांग्रेस पर किया तीखा हमला
हैदराबाद में हुई तोड़फोड़ की बीजेपी ने कड़ी आलोचना की है. पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस को गुंडों की पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि उसके कार्यकर्ता निजी कंपनियों के कार्यालयों में तोड़फोड़ कर रहे हैं, उन्होंने इस घटना की तुलना वर्ल्ड एआई समिट में यूथ कांग्रेस के पहले हुए विरोध प्रदर्शन से भी की.
वहीं, बीआरएस नेता केटी रामा राव ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आलोचना की और राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या कंपनियों को भारत लाने का यही तरीका है? इस घटना के बाद सोशल मीडिया अकाउंट पर पाबंदी और राजनीतिक विरोध के तरीकों को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं.
ये भी पढ़ें – पंजाब की जसप्रीत कौर इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में अव्वल, मान सरकार देगी 25-25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









