Punjab

पंजाब में 22 नवंबर को विशेष शिविर, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार का मौका

Punjab News : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, पंजाब राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर, 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब, अनिंदिता मित्रा ने बताया कि ये शिविर ‘विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027’ के दौरान मतदाताओं को विभिन्न चुनाव संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ये शिविर मतदाताओं की सुविधा के लिए लगाए जा रहे हैं, ताकि वे ‘प्रारूप मतदाता सूची’ में अपने नाम और विवरण की जांच कर सकें तथा नए पंजीकरण, विवरण में सुधार या अन्य संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन जमा करवा सकें.

अनिंदिता मित्रा ने बताया कि एसएसआर 2027 के तहत नए पंजीकरण के लिए पात्रता की तिथि 1 जनवरी, 2027 निर्धारित की गई है. कोई भी नागरिक, जो इस तिथि को या इससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेता है, वह ‘फॉर्म नंबर 6’ भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन करने का पात्र है.

अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी

एसएसआर के बारे में जानकारी देते हुए अनिंदिता मित्रा ने बताया कि दावे और आपत्तियां दर्ज करवाने की प्रक्रिया 11 दिसंबर, 2026 तक जारी रहेगी. दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर, 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा तथा ‘अंतिम मतदाता सूची’ 4 जनवरी, 2027 को प्रकाशित की जाएगी.

अनिंदिता मित्रा ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इन विशेष शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, उन्होंने विशेष रूप से उन युवा नागरिकों से आगे आने और मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवाने का आह्वान किया, जो 1 जनवरी, 2027 को या इससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, उन्होंने जोर देते हुए कहा कि समावेशी लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होना आवश्यक है और कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए.

ये भी पढ़ें – पंजाब की जसप्रीत कौर इलेक्ट्रिकल ट्रेड में देशभर में अव्वल, मान सरकार देगी 25-25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button