
Bank Holidays : अगर आप शुक्रवार, 20 नवंबर को बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं तो घर से निकलने से पहले छुट्टियों की जानकारी जरूर देख लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नवंबर 2026 के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, कल इगास-बग्वाल के अवसर पर उत्तराखंड में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। हालांकि, देश के अन्य राज्यों में सामान्य बैंकिंग कामकाज जारी रहेगा। इसके अलावा नवंबर के बाकी दिनों में भी कई क्षेत्रीय त्योहारों के कारण अलग-अलग राज्यों में बैंक बंद रहने वाले हैं।
20 नवंबर को इगास-बग्वाल के कारण बंद रहेंगे बैंक
RBI के नवंबर महीने के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, शुक्रवार 20 नवंबर को इगास-बग्वाल के अवसर पर उत्तराखंड में बैंक बंद रहेंगे। इस दौरान सरकारी और निजी क्षेत्र के बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। इसमें भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक जैसे बैंक शामिल हैं।
उत्तराखंड के अलावा 20 नवंबर को अन्य राज्यों में बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी। हालांकि, ग्राहकों को अपने बैंक और स्थानीय शाखा से छुट्टी की पुष्टि कर लेनी चाहिए।
क्या है इगास-बग्वाल त्योहार, क्यों मनाया जाता है?
उत्तराखंड में इगास-बग्वाल को बूढ़ी दिवाली के नाम से भी जाना जाता है। यह त्योहार दिवाली के 11 दिन बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को मनाया जाता है। इसके पीछे एक प्रचलित मान्यता है कि भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की सूचना पहाड़ों के दूरदराज इलाकों तक 11 दिन बाद पहुंची थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दीप जलाकर खुशियां मनाईं और धीरे-धीरे यह परंपरा इगास-बग्वाल के रूप में प्रचलित हो गई।
इस त्योहार से जुड़ी एक अन्य लोककथा गढ़वाल के वीर योद्धा माधो सिंह भंडारी से संबंधित है। मान्यता के अनुसार, वह तिब्बत के साथ युद्ध में विजय हासिल कर दिवाली के 11 दिन बाद अपने गांव लौटे थे। उनकी जीत और सुरक्षित वापसी की खुशी में ग्रामीणों ने उस दिन दीपावली मनाई थी।
आज भी गढ़वाल सहित उत्तराखंड के कई पहाड़ी इलाकों में इगास-बग्वाल धूमधाम से मनाई जाती है। इस दिन घरों में दीपक जलाए जाते हैं और पूजा-अर्चना की जाती है। अरसा, पूड़ी, पकौड़े और दाल के बड़े जैसे पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं। त्योहार की खास परंपरा भैलो खेलने की है। इसमें चीड़ या देवदार की सूखी लकड़ियों से मशाल तैयार कर आग लगाई जाती है और लोग उसे गोल-गोल घुमाते हैं। ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकगीत गाए जाते हैं। इसके अलावा गाय-बैलों को नहलाकर सजाया जाता है और उन्हें विशेष पकवानों का भोग खिलाया जाता है।
23 और 24 नवंबर को भी कई राज्यों में बंद रहेंगे बैंक
नवंबर के आखिरी दिनों में भी अलग-अलग त्योहारों के कारण बैंक शाखाओं में छुट्टियां रहेंगी। RBI के कैलेंडर के मुताबिक:
- 20 नवंबर, शुक्रवार: इगास-बग्वाल के अवसर पर उत्तराखंड में बैंक बंद रहेंगे।
- 23 नवंबर, सोमवार: सेंग कुट स्नेम त्योहार के कारण मेघालय में बैंक शाखाओं में छुट्टी रहेगी।
- 24 नवंबर, मंगलवार: गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और राहस पूर्णिमा के अवसर पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नागालैंड और जम्मू-कश्मीर में संबंधित बैंकिंग केंद्रों पर शाखाएं बंद रहेंगी।
- 27 नवंबर, शुक्रवार: कनकदास जयंती के अवसर पर कर्नाटक में बैंक बंद रहेंगे।
बैंक जाने से पहले जरूर देख लें छुट्टियों की लिस्ट
बैंक की छुट्टियां अलग-अलग राज्यों और शहरों के स्थानीय त्योहारों के आधार पर तय होती हैं। इसलिए किसी भी जरूरी काम के लिए बैंक जाने से पहले RBI की आधिकारिक छुट्टियों की सूची या संबंधित बैंक की वेबसाइट पर जानकारी जरूर जांच लें। बैंक शाखाएं बंद रहने के दौरान भी आमतौर पर UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें – इंदिरा गांधी की जयंती पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, याद किया उनका योगदान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









