Uttar Pradeshक्राइमबड़ी ख़बरराज्य

अखिलेश यादव के रोड शो में जेसीबी से भाजपा नेता के बेटे की मौत, सड़क पर उतरे परिजन

Akhilesh Yadav Road Show : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्य वर्धन सिंह की मौत हो गई। बुधवार दोपहर हुई इस घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, हादसे के बाद पुलिस की कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

बहन को लेने जा रहा था छात्र, जेसीबी की चपेट में आया

आवास विकास कॉलोनी, झारखंडी निवासी ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह संयोजक हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे उनका बड़ा बेटा आर्य वर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने के लिए पैदल चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल छात्र को तत्काल एम्स पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आर्य वर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 में पढ़ता था। कम उम्र में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

कार्रवाई में देरी के आरोप पर परिजनों ने लगाया जाम

हादसे से आक्रोशित परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए शाम करीब छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम की सूचना मिलने पर डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील समेत प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई।

आयोजक और जेसीबी चालक पर कार्रवाई की मांग

मृतक के पिता ओंकार सिंह ने रोड शो में जेसीबी शामिल कराने वाले आयोजक और उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इसके अलावा उन्होंने झारखंडी गेट के पास सड़क पर ब्रेकर बनवाने की मांग भी रखी, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद रात करीब आठ बजे परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। जाम खुलने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।

सीएम योगी के निर्देश पर पीड़ित परिवार से मिले जनप्रतिनिधि

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के निर्देश दिए। इसके बाद मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक ई. सरवन निषाद ने परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया।

डीएम और एसएसपी ने कार्रवाई का दिया भरोसा

डीएम दीपक मीणा ने कहा कि परिजनों की मांगों को गंभीरता से लिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग पर भी संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जाएंगे।

वहीं, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि हादसे के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जेसीबी चालक और आयोजक की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें – अररिया में दर्दनाक सड़क हादसा: नदी में समाई स्कॉर्पियो, छह लोगों की मौत, गांव में पसरा मातम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button