Sonia Gandhi Book : सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है. शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट ने किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है. पार्टी का आरोप है कि किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है. विरोध जताते हुए शिवसेना नेताओं ने किताब के पन्ने भी फाड़े और प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स से विवादित अंश हटाने की मांग की.
शिवसेना (शिंदे गुट) ने किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर आपत्ति जताई है. पार्टी नेताओं का कहना है कि इन पन्नों में वीर सावरकर को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं. नेताओं ने सवाल उठाया कि वीर सावरकर के योगदान पर सवाल उठाने या उन्हें प्रमाणित करने का अधिकार सोनिया गांधी को किसने दिया है. साथ ही उन पर इतिहास को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया.
शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि इतिहास को बदलने या छिपाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सोनिया गांधी राष्ट्र निर्माण और आजादी के लिए करोड़ों भारतीयों के बलिदान को समझती हैं? शाइना ने कहा कि महाराष्ट्र इस कथित अपमान को स्वीकार नहीं करेगा.
संजय निरुपम ने उद्धव ठाकरे को घेरा
इस विवाद में शिवसेना नेता संजय निरुपम ने उद्धव ठाकरे की चुप्पी पर भी सवाल उठाए हैं, उन्होंने कहा कि जब किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान होने का आरोप है, तो उद्धव ठाकरे ने इसका विरोध क्यों नहीं किया? निरुपम ने बालासाहेब ठाकरे का उदाहरण देते हुए कहा कि जब मणिशंकर अय्यर ने सावरकर पर टिप्पणी की थी, तब बालासाहेब ने विरोध प्रदर्शन किया था, उन्होंने सवाल किया कि क्या उद्धव ठाकरे भी सोनिया गांधी के खिलाफ इसी तरह विरोध करेंगे?
फिलहाल सोनिया गांधी की किताब को लेकर शुरू हुआ यह विवाद महाराष्ट्र की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- पंजाब में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, अक्टूबर में रिश्वत लेते 14 लोग रंगे हाथों गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









