IndiGo Flight : पुणे से गुवाहाटी जा रहे इंडिगो के एक विमान में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी सामने आ गई. स्थिति को देखते हुए विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट लाने का फैसला किया गया. करीब डेढ़ घंटे तक हवा में रहने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. इस घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एयरलाइन ने दूसरे विमान की व्यवस्था की है. राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 623 ने रविवार को पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी थी. टेकऑफ के कुछ समय बाद ही विमान में तकनीकी समस्या का पता चला. इसके बाद पायलटों ने विमान को वापस पुणे लाने का निर्णय लिया. करीब 90 मिनट तक हवा में रहने के बाद विमान सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतर गया.
विमान की तकनीकी जांच शुरू
इंडिगो के प्रवक्ता ने 15 नवंबर 2026 की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी खराबी का पता चलने पर विमान को वापस पुणे लाया गया. एयरलाइन के अनुसार, निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत संबंधित अधिकारियों को तुरंत जानकारी दी गई है. फिलहाल विमान की तकनीकी जांच और रखरखाव का काम किया जा रहा है. जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा.
यात्रियों के लिए दूसरे विमान का इंतजाम
इस घटना के बाद यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए इंडिगो ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की है. एयरलाइन की ओर से यात्रियों को समय-समय पर जानकारी दी जा रही है. इसके साथ ही भोजन और जलपान की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है. जरूरत पड़ने पर यात्रियों को दूसरी उड़ान या टिकट के पैसे वापस लेने का विकल्प भी दिया जा रहा है.
इंडिगो ने इस घटना से यात्रियों को हुई परेशानी पर खेद जताया है. कंपनी का कहना है कि असुविधा कम करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









