Punjab

अमृतसर में बड़ा खुलासा, 3 नाबालिगों समेत 7 गिरफ्तार, RPG और भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद

Amritsar News : अमृतसर में पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आरपीजी, दो पिस्तौल, 7.9 किलोग्राम हेरोइन, 5 किलोग्राम अफीम और 2.3 किलोग्राम आईसीई बरामद की गई है। डीजीपी गौरव यादव के मुताबिक, आरोपी विदेश में बैठे संचालकों के संपर्क में थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Amritsar News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान, अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान में सात व्यक्तियों, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं, को एक रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) — 22 नाटो एंटी-टैंक मिसाइल लॉन्चर, दो 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, 106 जिंदा कारतूस, 7.9 किलोग्राम हेरोइन, 5.1 किलोग्राम अफीम और 2.3 किलोग्राम ‘आईसीई’ (मेथामफेटामाइन) समेत गिरफ्तार कर अवैध हथियार और नशा तस्करी करने वाले कई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरकिरपाल सिंह उर्फ गुरपाल (20) निवासी गांव चीचा; लवप्रीत सिंह उर्फ नवप्रीत सिंह उर्फ नव (25) निवासी गांव धारीवाल, लोपोके; बलकार सिंह (41) निवासी कोटली दुसांधी; सुखजीत सिंह (19) निवासी अजनाला और तीन नाबालिगों के रूप में हुई है।

आगे-पीछे की कड़ियां खंगाल रही पुलिस

हथियारों, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की खेप बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से एक ड्रोन, एक जीपीएस ट्रैकिंग उपकरण और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश-स्थित संचालकों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप आपराधिक तत्वों के बीच वितरित करवाते थे। उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने और इसकी आगे-पीछे की कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

दो अन्य साथियों की भी पहचान, जांच में जुटी पुलिस

ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पहले ऑपरेशन में अमृतसर ग्रामीण और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त टीम ने 22 नाटो आरपीजी एंटी-टैंक मिसाइल लॉन्चर समेत गुरकिरपाल सिंह उर्फ गुरपाल और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है।

दूसरे ऑपरेशन के बारे में उन्होंने बताया कि थाना लोपोके की टीमों ने बीएसएफ के साथ मिलकर बॉर्डर आउटपोस्ट (बीओपी) उत्तर धारीवाल क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया और दो 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, दो मैगजीन और गोला-बारूद समेत लवप्रीत सिंह उर्फ नवप्रीत को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के दो अन्य साथियों की भी पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

ड्रोन के जरिए नशीला पदार्थ गिरवाने की व्यवस्था…

आईजीपी ने बताया कि तीसरे ऑपरेशन में थाना भिंडी सैदां की टीमों ने बीएसएफ के साथ मिलकर 2.3 किलोग्राम आईसीई ड्रग बरामद कर बलकार सिंह, सुखजीत सिंह और दो नाबालिगों को गिरफ्तार करते हुए आईसीई ड्रग तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। जांच से पता चला है कि बलकार सिंह, जिसकी कृषि भूमि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी बाड़ के पास स्थित है, ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीला पदार्थ गिरवाने की व्यवस्था की थी और इसे आगे वितरित करने के लिए अजनाला के स्थानीय युवाओं को शामिल किया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि इसके अलावा थाना भिंडी सैदां की टीमों द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए गए दो अन्य बरामदगी अभियानों के दौरान गांव अवान लखा सिंह के पास ड्रोन के जरिए गिराई गई 7.904 किलोग्राम हेरोइन और एक ट्रैकर उपकरण बरामद किया गया। बीएसएफ के साथ बीओपी फतेहपुर क्षेत्र में संयुक्त रूप से रात में की गई तलाशी के दौरान 5.152 किलोग्राम अफीम का पैकेट भी जब्त किया गया।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज

इस संबंध में पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत एफआईआर नंबर 487 दिनांक 06.11.2026 थाना घरिंडा में, शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 359 दिनांक 04.11.2026 थाना लोपोके में, एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत एफआईआर नंबर 184 दिनांक 10.11.2026, धारा 21 और 23 के तहत एफआईआर नंबर 180 तथा धारा 18 के तहत एफआईआर नंबर 181 थाना भिंडी सैदां में दर्ज मामले शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- Amritsar Police : अमृतसर में हथियारों के नेटवर्क का भंडाफोड़, 14 पिस्तौलों के साथ 6 गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button