PoJK News : पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में विरोध प्रदर्शनों ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया है. पिछले कई महीनों से जारी आंदोलन के बीच पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रावलाकोट में धरना स्थलों को खाली कराने के लिए अभियान चलाया. इस कार्रवाई के दौरान गोलीबारी और ड्रोन से बमबारी किए जाने के आरोप लगे हैं. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान पांच लोगों की जान चली गई. वहीं, 7 जून से शुरू हुई हिंसक घटनाओं में अब तक 151 लोगों की मौत होने का दावा किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब आठ बजे फज्र की नमाज के बाद पाकिस्तानी रेंजर्स और फ्रंटियर कॉर्प्स ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रावलाकोट बस टर्मिनल से अभियान शुरू किया. यहां 9 जून से पांच हजार से अधिक लोग 38 मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे. प्रदर्शनकारी पाकिस्तान सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे. आरोप है कि धरना खत्म कराने के दौरान सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की.
इस बीच ड्रोन से बम गिराए जाने की भी खबर सामने आई है. दावा किया गया कि हमले में स्थानीय निवासी वसीम शकील का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. सामने आई तस्वीरों में मकान में आग लगने की बात कही गई है.
बाग में भी ड्रोन हमले का आरोप
इससे पहले 29 अक्टूबर को बाग इलाके में एक मकान पर पाकिस्तानी सेना की ओर से ड्रोन हमला किए जाने का दावा किया गया था. इस घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत होने की बात सामने आई थी. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे.
रावलाकोट बस टर्मिनल पर कार्रवाई के बाद उमर फारूक चौक पर भी रुक-रुककर गोलीबारी होने की सूचना है. यहां जुलाई से 20 हजार से अधिक लोगों के प्रदर्शन करने का दावा किया जा रहा है. दूसरी ओर, प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने पीछे हटने से इनकार कर दिया है. रावलाकोट की मस्जिदों से भी लोगों को उमर फारूक चौक पहुंचने की अपील की जा रही है. ऐसे में पूरे इलाके में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









