Madhubani Firing Case : बिहार के मधुबनी स्थित बलिराजगढ़ में एएसआई चंद्र मोहन की ओर से किए गए गोलीकांड के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है. मामले में सिर्फ आरोपी एएसआई ही नहीं, बल्कि ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले अन्य पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिरी है. पुलिस ने चौकीदार समेत पांच कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इनमें बलिराजगढ़ पिकेट पर तैनात चार सैप जवान भी शामिल हैं. इन सभी को सेवा से बर्खास्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
बुधवार, 4 नवंबर को मधुबनी के एसएसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि गोलीकांड के आरोपी एएसआई चंद्र मोहन को भी निलंबित कर दिया गया है और उसकी बर्खास्तगी की अनुशंसा की गई है. मामले की जांच के लिए सदर डीएसपी-2 कामिनी कौशल के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी एसआईटी बनाई गई है.
12 टीमों का गठन
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अब तक का अभियान और तेज कर दिया है. पहले पांच टीमें बनाई गई थीं, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़ाकर 12 कर दी गई है. इनमें चार टीमें मधुबनी, चार बिहार के दूसरे इलाकों और चार टीमें नेपाल में आरोपी की तलाश कर रही हैं. उसकी सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
उधर, मामले में जल्द न्याय सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने स्पीडी ट्रायल की पहल की है. डीएम आनंद शर्मा और एसएसपी ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश को पत्र लिखकर सुनवाई में तेजी लाने की अनुशंसा की है.
इस बीच मृतक अशोक यादव की पत्नी के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. घटना से जुड़ी लड़कियों के बयान और मेडिकल जांच भी कराई गई है. वहीं, 5 नवंबर को तेजस्वी यादव मधुबनी पहुंचकर अशोक यादव के परिजनों से मुलाकात करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह शाम 4 बजकर 10 मिनट पर उनके आवास पहुंचेंगे.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









