Oman Ship Attack : खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच समुद्र से एक ऐसी खबर आई है, जिसने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले एक कार्गो जहाज पर अचानक हमला हुआ. इस घटना में गुजरात के एक नाविक की जान चली गई, जबकि जहाज पर मौजूद 13 अन्य भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर समुद्र के बीच इस जहाज को किसने निशाना बनाया?
केंद्रीय शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हमले का शिकार हुए जहाज का नाम MSV Al Jusufi है. सोमवार को जब यह जहाज ओमान के तट के पास से गुजर रहा था, तभी किसी अज्ञात एरियल ऑब्जेक्ट ने इस पर हमला कर दिया. हमले के बाद जहाज पर सवार 14 भारतीय नाविकों की जान खतरे में पड़ गई.
ओमान कोस्ट गार्ड ने 13 नाविकों को बचाया
घटना की सूचना मिलते ही ओमान के कोस्ट गार्ड ने बचाव अभियान शुरू किया. इस दौरान 13 नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन एक नाविक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. मृतक की पहचान गुजरात के रहने वाले गंधार नाहीम अजीज के रूप में हुई है.
नाविक की मौत पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने दुख जताया है, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि भारतीय शिपिंग मंत्रालय और ओमान में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं. सभी 13 जीवित नाविकों को जरूरी सहायता दी जा रही है. साथ ही उनके और मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जा रही है.
समुद्री सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
बता दें कि पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान संघर्ष और क्षेत्रीय तनाव के कारण समुद्री रास्तों पर खतरा बढ़ा है. सरकार के पिछले सप्ताह जारी आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले शुरू होने के बाद से कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है. इनमें 14 समुद्री जहाजों पर काम करने वाले नाविक थे.
ओमान के पास हुई इस घटना ने समुद्री सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है. हालांकि, जहाज पर हमला किसने किया, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









