Cyclone Murasu : देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है. एक तरफ दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान मुरासु ने दस्तक दे दी है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है. लगातार दो चक्रवाती तूफानों के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में फिलहाल इस तूफान का सीधा असर दिखाई देने की संभावना नहीं है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के मुताबिक, गंभीर चक्रवाती तूफान मुरासु 3 नवंबर की सुबह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट से टकरा चुका है. इसने नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के पास लैंडफॉल किया. इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची.
छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश में भी अलर्ट जारी
तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तेलंगाना के कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. समुद्र में ऊंची लहरें उठने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका भी जताई गई है. तमिलनाडु और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं, छत्तीसगढ़ में 2 से 4 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मध्य प्रदेश और विदर्भ में 2 से 5 नवंबर तक गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है. महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में भी 5 नवंबर तक मौसम प्रभावित रहने का अनुमान है.
उत्तर भारत में मौसम रहेगा शुष्क
अब बात उत्तर भारत की करें तो दिल्ली-NCR में फिलहाल आसमान साफ रहने की संभावना है. हालांकि प्रदूषण के चलते धुंध और हल्का कोहरा परेशान कर सकता है. यहां न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री के आसपास रह सकता है.
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में 8 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ सकती है. वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के संकेत हैं. यानी देश के दक्षिणी हिस्से में बारिश और तूफानी हवाओं का खतरा है, जबकि उत्तर भारत में अब सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने वाली है.
ये भी पढ़ें- दीपावली पर काशी को योगी सरकार की बड़ी सौगात, दिल्ली के लिए शुरू हुई देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








