Bihar Weather : बिहार में मौसम ने ऐसा रुख बदला है कि अक्टूबर के आखिरी दिनों में ही लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है. चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से बुधवार शाम से शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी जारी रही. राज्य के ज्यादातर जिलों में हुई झमाझम बारिश के चलते अधिकतम तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. अब मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूरे बिहार के लिए बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
सबसे ज्यादा चिंता मधुबनी और सीतामढ़ी को लेकर है. मौसम विभाग ने इन दोनों जिलों में 200 मिलीमीटर तक अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और शिवहर में ऑरेंज अलर्ट है. इन इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
पटना समेत 7 जिलों में येलो अलर्ट
राजधानी पटना के अलावा गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सिवान और वैशाली में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां भी तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है. दक्षिण बिहार के गया, जहानाबाद, नालंदा, औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर, कैमूर, नवादा और शेखपुरा में भी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है. गुरुवार को अरवल में अधिकतम तापमान सबसे कम 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पटना में पारा 24.02 डिग्री रहा, जबकि पूर्णिया और छपरा में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बने दबाव क्षेत्र का असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है. ऐसे में बारिश और तापमान में गिरावट का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है.
ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दूध खरीदने वालों को झटका, 8 रुपये महंगा हुआ दूध, जानें क्या हैं नई कीमतें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









