मौसम

चक्रवात ‘अर्नब’ हुआ और ताकतवर, 4 राज्यों में अलर्ट, 53 ट्रेनें रद्द, अगले 12 घंटे भारी

Cyclone Arnab : बंगाल की खाड़ी में उठ रहा चक्रवात ‘अर्नब’ तेजी से ताकतवर हो रहा है. इसके आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने के साथ कई राज्यों में सतर्कता बढ़ा दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान अगले 12 घंटों में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. इसके संभावित असर को देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी में तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 26 अक्टूबर को चक्रवात विशाखापत्तनम से करीब 490 किलोमीटर, काकीनाडा से 560 किलोमीटर और बापटला से 730 किलोमीटर दूर था. यह लगभग 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ रहा था. अनुमान है कि 28 अक्टूबर की सुबह यह आंध्र प्रदेश और यानम के तटों के बीच बापटला तथा विशाखापत्तनम के पास से गुजरेगा. इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

53 ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

चक्रवात के खतरे को देखते हुए रेलवे ने 27 और 28 अक्टूबर को चलने वाली 53 ट्रेनें रद्द कर दी हैं. विजयवाड़ा, राजमुंदरी, मछलीपट्टनम, नरसापुर, भीमवरम, काकीनाडा पोर्ट, गुंटूर और विशाखापत्तनम से जुड़ी रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं. यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.

केंद्र ने तेज की तैयारियां

कैबिनेट सचिव टी. वी. सोमनाथन ने राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं, जबकि सेना, नौसेना, वायु सेना और तटरक्षक बल को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रखा गया है. अब प्रशासन की प्राथमिकता संभावित नुकसान को कम करना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

ये भी पढ़ें- महर्षि वाल्मीकि आश्रम में सीएम योगी ने की पूजा-अर्चना, प्राचीन शिवलिंग और सीता कुटिया के भी किए दर्शन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button