Crime News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके में आपसी विवाद ने तीन लोगों की जान ले ली. दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान कथित तौर पर अवैध पिस्टल से फायरिंग की गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे.
पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक, नौबस्ता इलाके में कार पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान ऋषभ शुक्ला नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर अवैध पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी. गोली लगने से शिवाजी तिवारी (62), शिवेंद्र तिवारी (55) और सुयश तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया.
मुख्य आरोपी हिरासत में
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया. उसके पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं. पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
डीसीपी वेस्ट ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, गोलीबारी की घटना आपसी विवाद के कारण हुई. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है. पुलिस अब विवाद की परिस्थितियों और गोलीबारी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है.
ये भी पढ़ें – उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम, 5 पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









