Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर कथित टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में बड़ी राहत मिली है. सोमवार को सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए अदालत ने उन्हें इस मामले में दोषी नहीं माना. फैसले के समय राहुल गांधी अदालत में मौजूद थे. यह मुकदमा भाजपा नेता विजय मिश्रा की शिकायत पर वर्ष 2018 में दर्ज कराया गया था.
मामले की शुरुआत मई 2018 में हुई थी. उस समय कर्नाटक विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. आरोप लगाया गया कि इस दौरान उन्होंने भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ मानहानिकारक टिप्पणी की थी.
इस टिप्पणी को लेकर सुल्तानपुर जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ याचिका दाखिल की थी. मामला पहले सिविल कोर्ट में चला और बाद में एमपी-एमएलए अदालत में पहुंचा.
समन के बाद अदालत में हुए थे पेश
सुनवाई के बाद अदालत ने 27 नवंबर 2023 को राहुल गांधी को आरोपी मानते हुए समन जारी किया था. इसके बाद 20 फरवरी 2024 को राहुल गांधी सुल्तानपुर कोर्ट में पेश हुए, जहां उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत मिली थी. उस दौरान उन्होंने आरोपों से इनकार करते हुए मामले को सत्ता पक्ष की साजिश बताया था.
मुकदमे की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता की ओर से विजय मिश्रा, अनिल मिश्रा और रामचंद दुबे के बयान दर्ज कराए गए. शिकायतकर्ता ने राहुल गांधी के वॉइस सैंपल की मांग भी की थी, लेकिन ट्रायल कोर्ट ने अर्जी खारिज कर दी. इसके बाद सेशन कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी इस मांग को स्वीकार नहीं किया.
दूसरी याचिका भी हो चुकी है खारिज
राहुल गांधी के खिलाफ कथित मुस्लिम विरोधी टिप्पणी को लेकर मुकदमा चलाने की एक अन्य याचिका भी विशेष अदालत ने ठोस साक्ष्य नहीं मिलने पर खारिज कर दी थी. यह मामला मुजफ्फरनगर दंगों के संदर्भ में मुस्लिमों के कथित संबंध पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जोड़ने वाले बयान से संबंधित था.
सुल्तानपुर की विशेष अदालत में इससे पहले भी कई जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों में अभियोजन पक्ष आरोप साबित नहीं कर पाया है. पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, विधायक विनोद सिंह और सीताराम वर्मा समेत कई नेता विभिन्न मामलों में बरी हो चुके हैं.
ये भी पढ़ें – उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम, 5 पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









