UP News : रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियों के बीच राम की पैड़ी को नया और आकर्षक रूप दिया जा रहा है. यहां विकसित की जा रही भव्य विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनने वाले हैं. परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ कलात्मक सजावट का काम तेजी से चल रहा है. परियोजना को इसी महीने पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. दीपोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र रोशनी और सजावट से जगमगाने की तैयारी है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में धार्मिक पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
राम की पैड़ी पर सेल्फी पॉइंट
इसी कड़ी में राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट विकसित किए जा रहे हैं. इस परियोजना पर कुल 2,367.60 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं. पर्यटन विभाग की इस परियोजना को उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड क्रियान्वित कर रहा है.
परियोजना के तहत दीपोत्सव स्थल पर सीढ़ियों का निर्माण कराया जा रहा है. परिसर में लाल बलुआ पत्थर से डिजाइनर फर्श तैयार किया जा रहा है. इसके अलावा बड़े आकार के आकर्षक कांच के दीये, सूर्य स्तंभ, डिजाइनर छतरियां, पौधरोपण के लिए निर्धारित स्थान और बोलार्ड लाइट्स विकसित की जा रही हैं. इन व्यवस्थाओं से परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है.
सेल्फी पॉइंट पर यादगार पल संजो सकेंगे पर्यटक
राम की पैड़ी पर बनने वाली विजिटर गैलरी और सेल्फी पॉइंट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेंगे. यहां आने वाले लोग परिसर की सुंदरता के बीच तस्वीरें खींच सकेंगे और अयोध्या यात्रा की यादों को संजो सकेंगे.
परियोजना प्रबंधन से जुड़े मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा करने के साथ दीपोत्सव की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच रही हैं. लाखों दीयों से जगमगाने वाला यह क्षेत्र पर्यटकों को आकर्षित करेगा, उन्होंने उम्मीद जताई कि इन सुविधाओं से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी और अयोध्या की पर्यटन संबंधी पहचान को और मजबूती मिलेगी.
म्यूरल वॉल पर त्रेतायुग की झलक
राम की पैड़ी परिसर में बनाई जा रही डिजाइनर म्यूरल वॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगी. इस दीवार पर धार्मिक स्थलों, त्रेतायुगीन मंदिरों और दीपों से जुड़े आकर्षक चित्र उकेरे गए हैं. इन कलाकृतियों के माध्यम से अयोध्या की प्राचीन धार्मिक विरासत और प्रभु श्रीराम के युग की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है.
दीपोत्सव के दौरान रोशनी से सजे परिसर में म्यूरल वॉल की सुंदरता और निखरने की उम्मीद है. पारंपरिक धार्मिक कला और आधुनिक निर्माण शैली का मेल राम की पैड़ी को एक नया स्वरूप देगा.
दीपोत्सव में आकर्षण बढ़ाने की तैयारी
राम की पैड़ी पर चल रही यह परियोजना अयोध्या में धार्मिक पर्यटन को बेहतर बनाने की योजना का हिस्सा है. विजिटर गैलरी, सेल्फी पॉइंट, आकर्षक फर्श, सजावटी प्रकाश व्यवस्था और कलात्मक दीवार के जरिए श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने की तैयारी है.
दीपोत्सव के दौरान जब रामनगरी लाखों दीयों से रोशन होगी, तब राम की पैड़ी का नया स्वरूप भी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बन सकता है. परियोजना पूरी होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का अनुभव मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार का दिव्यांग बच्चों की शुरुआती शिक्षा पर जोर, 28 नए बचपन डे केयर सेंटरों की स्थापना को मंजूरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









