Dussehra 2026 : देशभर में 20 अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व मनाया जा रहा है. इस मौके पर अलग-अलग शहरों में रावण दहन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. दिल्ली से लेकर लखनऊ और देहरादून तक रावण के विशाल पुतले लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. कहीं आधुनिक तकनीक से पुतलों को खास रूप दिया गया है, तो कहीं सामाजिक बुराइयों को रावण के प्रतीक के जरिए सामने लाने की कोशिश की गई है.
दिल्ली की लव कुश रामलीला में इस बार 110 फीट ऊंचा रावण तैयार किया गया है. इसकी खासियत है कि पुतले के हाथ में लगी तलवार घूमेगी और उसकी आंखें जलती हुई दिखाई देंगी. पुतले पर 11 अलग-अलग रंगों की मालाएं भी लगाई गई हैं.
वहीं, द्वारका की श्री रामलीला सोसायटी ने 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनाया है. इसे तैयार करने में करीब 38 से 40 लाख रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है. यहां कुंभकरण और मेघनाद के 90-90 फीट ऊंचे पुतले भी तैयार किए गए हैं.
नकली दवाओं और गंदगी को दिखाया गया
पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित डीडीए ग्राउंड में रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ ने ‘आज का रावण’ तैयार किया है. इसके जरिए नकली दवाओं और एमआरपी के नाम पर ग्राहकों से होने वाली कथित लूट जैसी समस्याओं को दर्शाया गया है. कमेटी पिछले 25 वर्षों से इस तरह की पहल करती आ रही है.
वहीं, दिल्ली के पीतमपुरा में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के साथ कॉकरोच का पुतला भी बनाया गया है. आयोजकों का उद्देश्य इसके जरिए लोगों को गंदगी और अस्वच्छता के प्रति जागरूक करना है.
लखनऊ और देहरादून में भी खास तैयारी
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 75 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है. इसमें हिलने-डुलने वाले यांत्रिक हिस्से लगाए गए हैं. आयोजकों ने इसे राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों और ‘दिमागी नक्सलवाद’ जैसे विचारों का प्रतीक बताया है.
ये भी पढ़ें – पेरिस में CM भगवंत मान ने लॉन्च किए ‘सोहणा’ ब्रांड के दो नए उत्पाद, पंजाब के खाद्य निर्यात को मिलेगा बढ़ावा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









