बड़ी ख़बर

लालकृष्ण आडवाणी अपोलो अस्पताल में भर्ती, सीने में संक्रमण, हालत स्थिर

Lal Krishna Advani : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुक्रवार शाम उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां फिलहाल पल्मोनरी विभाग में उनका इलाज चल रहा है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

लालकृष्ण आडवाणी इससे पहले मई में भी उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अपोलो अस्पताल में भर्ती हुए थे. उस समय कुछ दिनों तक इलाज चलने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी. अब सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद एक बार फिर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने की थी मुलाकात

आडवाणी के अस्पताल में भर्ती होने से कुछ दिन पहले, 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित उनके आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी. इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनका आशीर्वाद लिया. मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए आडवाणी के लंबे सार्वजनिक जीवन और देश के विकास में उनके योगदान की सराहना की थी.

दरअसल, नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. इस तरह 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के प्रमुख के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए. इसी अवसर पर उन्होंने आडवाणी से मुलाकात की थी.

गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली

लालकृष्ण आडवाणी भारतीय राजनीति के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं, उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में 1999 से 2004 तक गृह मंत्री और 2002 से 2004 तक उप प्रधानमंत्री के रूप में काम किया.

8 नवंबर 1927 को कराची में जन्मे आडवाणी ने 1942 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की. वह तीन अलग-अलग कार्यकाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे, उन्होंने 1986 से 1990, 1993 से 1998 और 2004 से 2005 तक यह जिम्मेदारी संभाली.

2024 में मिला भारत रत्न

देश की राजनीति में उनके योगदान के लिए मार्च 2024 में लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया गया था. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया. फिलहाल आडवाणी का दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है.

ये भी पढ़ें – पंजाब में चल रही AAP की लहर, ताज़ा चुनावी सर्वे में AAP को 82 सीटों तक का अनुमान, कांग्रेस को 17 से 34 सीटें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button