Road Accident : राजस्थान के कोटा में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मध्य प्रदेश से जयपुर जा रही यात्रियों से भरी ट्रैवलर सीमलिया थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे नाले में जा गिरी. इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हादसा सुबह करीब सात बजे कराड़िया टोल प्लाजा पार करने के बाद सुल्तानपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वाहन चलाते समय चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण चालक ट्रैवलर पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पुलिया से नीचे जा गिरा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
नाले में गिरी गाड़ी, मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया गया. सूचना मिलने पर सीमलिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. घायलों को एंबुलेंस की मदद से कोटा के नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
सात लोगों की मौत, हादसे की जांच जारी
सीमलिया थाना अधिकारी नंद सिंह के अनुसार, हादसे में सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है. वहीं, 15 से 16 से अधिक यात्रियों के घायल होने की बात कही गई है. घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर चालक को नींद आने की आशंका जताई गई है, लेकिन दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









