CJI Surya Kant : भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के सांसदों से मुलाकात करने से इनकार कर दिया है. विपक्षी नेताओं ने मुलाकात के लिए पत्र लिखकर अनुरोध किया था, जिसका जवाब मुख्य न्यायाधीश ने रविवार को ही दे दिया, उन्होंने पत्र के जरिए मुलाकात नहीं कर पाने की वजह भी बताई है. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब INDIA ब्लॉक के नेता सोमवार को दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने वाले हैं.
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने बताया कि उन्हें रविवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं से मिलने के अनुरोध वाला पत्र मिला था, उन्होंने उसी दिन जवाब देते हुए अपनी अस्वीकृति और उसके कारण स्पष्ट कर दिए. हालांकि, उन्होंने सार्वजनिक रूप से मुलाकात से इनकार करने की विस्तृत वजह नहीं बताई है.
जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं. किसी भी आम नागरिक या निर्वाचित निकाय के सदस्य की याचिका का स्वागत है, उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक भारतीय नागरिक को अदालत जाने का अधिकार है और अदालत कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करेगी.
कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला
मुख्य न्यायाधीश ने इस घटनाक्रम को कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला बताया है. सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष जिन मुद्दों को उठाना चाहता है, वे पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं. इन्हीं परिस्थितियों के चलते मुलाकात के अनुरोध को स्वीकार नहीं किए जाने की बात सामने आई है. हालांकि, मुलाकात से इनकार करने की आधिकारिक वजह पत्र में क्या बताई गई है, इसका विस्तृत विवरण सार्वजनिक नहीं हुआ है.
सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे विपक्षी नेता
मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात का अनुरोध अस्वीकार होने के बीच INDIA ब्लॉक के नेता सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने वाले हैं. विपक्षी नेताओं की ओर से इस मार्च के जरिए अपनी मांगें और मुद्दे उठाए जाने की तैयारी है. ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि विपक्ष का यह मार्च किस तरह आगे बढ़ता है और इस घटनाक्रम पर आगे क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









