Arvind Kejriwal : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शन को रोकने के लिए बर्बरता की सारी हदें पार कर दी गईं, उन्होंने कहा कि शनिवार को दिल्ली में जो कुछ हुआ, उसके बाद ऐसा न हो कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी को भी इस्तीफा देना पड़ जाए.
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में हुई कार्रवाई ने हिटलर को भी पीछे छोड़ दिया है, उन्होंने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं, जिनमें छोटी-छोटी लड़कियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी होती दिखाई दे रही है, उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान वकीलों और पत्रकारों को भी नहीं बख्शा गया. केजरीवाल ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि अब उनकी कथित धमकियों से कोई डरने वाला नहीं है, क्योंकि देश का युवा जाग चुका है और उसके मन से डर निकल गया है.
वकीलों के साथ बदसलूकी का लगाया आरोप
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि शनिवार को पुलिस ने वकीलों के साथ भी दुर्व्यवहार किया, उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ वकील को पुलिस सड़क पर घसीटते हुए ले गई. केजरीवाल के मुताबिक, पुलिस ने वकीलों की पिटाई की, उन्हें हिरासत में लिया और उनके साथ बदसलूकी की, उन्होंने कहा कि इतिहास में किसी भी सरकार ने वकीलों के साथ इस तरह का व्यवहार करने की हिम्मत नहीं की और ऐसी कार्रवाई करने वाली सरकार सत्ता में नहीं टिक पाई.
मोदी सरकार पर आपातकाल का आरोप
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर देश में आपातकाल जैसे हालात पैदा करने का आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि अब मीडिया संस्थानों के मालिक भी सुरक्षित नहीं हैं. इसी सिलसिले में उन्होंने हिंदी ख़बर और लिविंग इंडिया ग्रुप के एडिटर-इन-चीफ अतुल अग्रवाल की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया.
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अतुल अग्रवाल को हरियाणा पुलिस के जरिए गिरफ्तार करवाया गया, क्योंकि उनका चैनल पिछले कुछ दिनों से हरियाणा में लगातार फैल रहे नशे के कारोबार से जुड़ी खबरें दिखा रहा था, उन्होंने इस कार्रवाई को शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के खत्म होने की निशानी है.
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था. इस दौरान पुलिस कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ गया. केजरीवाल ने सरकार को घेरते हुए कहा कि देश का युवा अब अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहा है और वह किसी भी दबाव से पीछे हटने वाला नहीं है.
केजरीवाल के बयान के बाद दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और मीडिया की स्वतंत्रता को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है.
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









