AAP Goa Elections : आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में बदलाव के लिए तैयार गोवा को अरविंद केजरीवाल ने प्रतिमाह 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने समेत 6 बड़ी गारंटी दी है। उन्होंने पणजी में आयोजित एक सभा में अपनी गारंटियों की घोषणा करते हुए कहा कि ‘‘आप’’ सरकार बिजली के बकाया बिल भी माफ करेगी।
सभी महिलाओं को 3 हजार रुपए महीना देने के साथ बसों में यात्रा फ्री करेंगे। हर परिवार को 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा और हर गांव में प्ले ग्राउंड बनाएंगे। साथ ही, बूथ स्तर पर लोकल मेनिफेस्टो बनाकर हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केजरीवाल की गारंटी है, जो कभी टूटती नहीं हैं। हमने दिल्ली और पंजाब में अपनी सारी गारंटी पूरी करके दिखाई है, गोवा में सारी गारंटी पूरी करके दिखाएंगे।
भाजपा को वोट देने का मतलब है भ्रष्टाचार
तीन दिवसीय दौरे पर गोवा आए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पणजी में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज गोवा बदलाव मांग रहा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों की राजनीति से गोवा के लोग परेशान हो चुके हैं। लोग कांग्रेस को वोट देते हैं क्योंकि उन्हें भाजपा पसंद नहीं है, लेकिन कांग्रेस को वोट देने के बाद कांग्रेस के विधायक जाकर भाजपा में शामिल हो जाते हैं और उन्हीं की सरकार बना देते हैं जिनके खिलाफ लोगों ने वोट दिया था। इसलिए कांग्रेस को वोट देने का मतलब भाजपा की सरकार बनाना है। इससे कोई फायदा नहीं है। दूसरी तरफ, भाजपा को वोट देने का मतलब है भ्रष्टाचार, टूटी हुई सड़कें, पानी की किल्लत और लंबे-लंबे पावर कट।
केजरीवाल की गारंटी है जो कभी मिटती नहीं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा में छोटे-छोटे घरों में रहने वाले लोगों के बिल 15 हजार से लेकर 1 लाख रुपए या इससे ज्यादा आ रहे हैं। इसलिए गोवा के लोग भाजपा और कांग्रेस से मुक्ति पाने के लिए बहुत उम्मीद से आम आदमी पार्टी की तरफ देख रहे हैं। इसलिए गोवा के लोगों को छह गारंटी देकर जा रहा हूं। इन गारंटियों के अलावा भी हम और बहुत सारे काम करेंगे, लेकिन ये छह काम जरूर करेंगे। यह केजरीवाल की गारंटी है जो कभी मिटती नहीं है, बल्कि जमीन पर लागू होती है। दिल्ली और पंजाब के चुनावों में मैंने जो गारंटी दी, वे सभी पूरी की, जो मेरी गारंटी की विश्वसनीयता को दिखाती है।
1- 300 यूनिट मुफ्त बिजली
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा में लोगों के बिजली के बिल बहुत ज्यादा आ रहे हैं। जब लोग इसे ठीक कराने जाते हैं, तो अधिकारी कहते हैं कि पहले इसे भरकर आओ, फिर ठीक करेंगे। लोग इसे भर नहीं सकते और इस पर पेनल्टी तथा ब्याज लगता रहता है। अंत में एक दिन बिजली काटकर चले जाते हैं। साथ ही, बिजली बहुत महंगी कर दी गई है और लंबे-लंबे पावर कट लग रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर सारे बकाया बिजली माफ किए जाएंगे। हर 300 यूनिट प्रतिमाह बिजली फ्री दी जाएगी और 24 घंटे बिजली का इंतजाम किया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली और पंजाब में हमारी सरकार ने मुफ़्त बिजली की गारंटी पूरी करके दिखाया है। कोई भी पता कर सकता है। गोवा में सरकार बनेगी तो हम यहां भी फ्री बिजली देंगे। भाजपा और कांग्रेस फ्री बिजली नहीं देती हैं। उनको वोट देने से फ्री बिजली नहीं मिलेगी। अगर फ्री बिजली चाहिए, तो आम आदमी पार्टी को वोट देने से जैसे ही हमारी सरकार बनेगी, एक हफ्ते के अंदर लोगों के सारे पुराने बिल जीरो कर दिए जाएंगे और अप्रैल से हर महीने 300 यूनिट बिजली फ्री मिला करेगी।
2- महिलाओं का बस सफ़र मुफ्त
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि दूसरी गारंटी महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की है। मिडिल क्लास और गरीब परिवारों के लोग बसों में यात्रा करते हैं। दिल्ली और पंजाब में हमने महिलाओं के लिए बस का किराया मुफ्त कर दिया। अब पंजाब में किसी भी बस में महिलाओं को टिकट के पैसे नहीं देने पड़ते। यदि गोवा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी, तो यहां भी महिलाओं के लिए बस यात्रा पूरी तरह मुफ्त की जाएगी।
3- हर परिवार को 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा
तीसरी गारंटी देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार होता है और जीएमसी (गोवा मेडिकल कॉलेज) जाता है, तो वहां इलाज की हालत बहुत खराब है। डॉक्टर मरीजों की बात नहीं सुनते, मशीनें काम नहीं करतीं और ऑपरेशन के लिए कई-कई महीनों बाद की तारीख मिलती है। यदि लोग प्राइवेट अस्पताल जाते हैं, तो लाखों रुपए का बिल आ जाता है। इसके इतर पंजाब में हमने हर परिवार को 10-10 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस दिया है। परिवार में किसी के भी बीमार होने पर वह इंश्योरेंस कार्ड लेकर किसी भी बड़े से बड़े प्राइवेट अस्पताल में जा सकता है, जहां सालाना 10 लाख रुपए तक का पूरा इलाज मुफ्त होता है।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि गोवा में भाजपा की प्रमोद सावंत सरकार दीन दयाल स्वास्थ्य सेवा योजना (डीडीएसएसवाई) चलाती है, लेकिन वह केवल एक फर्जी कार्ड है जिसके लिए 300 रुपए लिए जाते हैं। बूथ मीटिंग के दौरान एक महिला ने मुझे बताया कि उनके घर में किसी का ऑपरेशन प्राइवेट अस्पताल में हुआ, जिसमें 2.5 लाख रुपए का खर्च आया, लेकिन सरकार ने डीडीएसएसवाई के तहत केवल 25,000 रुपए दिए। 2.5 लाख में से 2.25 लाख रुपए मरीज को खुद भरने पड़े, तो ऐसी योजना का क्या फायदा? इसके उलट पंजाब में पूरा खर्च, जिसमें दवाइयां, टेस्ट और अस्पताल में भर्ती होना शामिल है, सरकार देती है। गोवा में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर यही हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी लागू की जाएगी।
4- हर महिला को 3 हजार रुपए प्रतिमाह
चौथी गारंटी देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा सरकार की गृह आधार योजना इतनी जटिल है कि उसमें अनगिनत शर्तें लगा दी गई हैं। यदि घर या गाड़ी होगी तो लाभ नहीं मिलेगा और परिवार में केवल एक ही महिला को इसका फायदा मिलेगा, जिसके कारण बहुत कम महिलाओं को यह मिल पाता है। पंजाब में हमने यही योजना लागू की है। वहां एक परिवार में मां, पत्नी, बहन या बेटी, चारों को इसका फायदा मिलता है। यह योजना अमीरों, गरीबों, हिंदू, क्रिश्चियन, मुसलमान, ब्राह्मण और एससी सबको मिलती है। 18 साल से ऊपर की हर महिला को इसका लाभ मिलता है। गोवा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर भी 18 साल से ऊपर की हर महिला के बैंक खाते में हर महीने 3,000 रुपए डाले जाएंगे।
5- हर गांव-हर वार्ड में खेल मैदान
पांचवीं गारंटी देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा के बच्चों में खेलों को लेकर बहुत रुचि है और वे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन राज्य में खेलने के लिए मैदान नहीं हैं और जो मैदान हैं, उनकी हालत बेहद खराब है। पंजाब में हमारी सरकार ने हर गांव में शानदार खेल के मैदान बनवाए हैं, जहां फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल जैसे खेलों की सुविधा है और खेल का सारा सामान सरकार उपलब्ध कराती है। उसी तर्ज पर गोवा के भी हर गांव और हर वार्ड में एक-एक खेल का मैदान बनाया जाएगा ताकि युवा खेल सकें और गोवा का नाम देश व दुनिया में रोशन कर सकें।
6- लोकल मेनिफेस्ट से समस्याओं का समाधान
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हर गली और मोहल्ले में जाएंगे और जनता के साथ बैठकर स्थानीय समस्याओं के आधार पर वार्ड और बूथ स्तर का लोकल मैनिफेस्टो तैयार करेंगे। इलाके की छोटी से छोटी समस्या को लिखकर विधायक बनने के बाद उनका समाधान कराया जाएगा। कांग्रेस को वोट देने का मतलब है कि वह भाजपा की सरकार बनाएगी और भाजपा को वोट देने का मतलब है कि जनता का कोई काम नहीं होगा और केवल भ्रष्टाचार होगा। वहीं, आम आदमी पार्टी को वोट देने से मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसे कई लाभ मिलेंगे।
ये भी पढ़ें- नंदीग्राम में BJP की ऐतिहासिक जीत, 1.22 लाख वोटों से हसीरानी रथ ने मारी बाजी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









