
Haryana Startups : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में आयोजित ‘स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं, स्टार्टअप्स और उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरती अब कर्म की धरती के साथ-साथ नवाचार की धरती भी बनेगी। उन्होंने कहा कि इसी धरती से हरियाणा की उद्यमशीलता की यात्रा का नया अध्याय शुरू हो रहा है।
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती भी है। उन्होंने दोनों महान विभूतियों को नमन करते हुए कहा कि उनके आदर्श देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
‘स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प’ से विचार से विस्तार तक का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘स्टार्टअप हरियाणा सेवा संकल्प’ का संदेश विचार से विस्तार तक, कर्म से उद्यम और उद्यम से विकास तक का है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम व्यापक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में नवाचार और उद्यमिता को नई गति देना है।
स्टार्टअप इंडिया ने नवाचार को राष्ट्रीय विकास का आधार बनाया
नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच ने भारत में स्टार्टअप और नवाचार के युग का मार्ग प्रशस्त किया है। स्टार्टअप इंडिया के साथ आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों ने नवाचार को राष्ट्रीय विकास का प्रमुख आधार बनाया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, देश में 2 लाख 40 हजार से अधिक DPIIT मान्यता प्राप्त स्टार्टअप विकास यात्रा में योगदान दे रहे हैं। इस विकास यात्रा में हरियाणा भी कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है।
11 हजार से अधिक स्टार्टअप के साथ हरियाणा देश में सातवें स्थान पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा आज 11 हजार से अधिक स्टार्टअप के साथ देश में सातवें स्थान पर है। प्रदेश के स्टार्टअप AI, एग्रीटेक, मोबिलिटी, इलेक्ट्रॉनिक और डीप टेक जैसे क्षेत्रों में सक्रिय हैं।
उन्होंने कहा कि जब हरियाणा की उद्यमिता की बात होती है तो प्रेरणादायक सफलताओं की लंबी श्रृंखला सामने दिखाई देती है। गुरुग्राम स्थित जोमैटो आज दुनिया के बड़े फूड टेक प्लेटफॉर्म्स में शामिल है, जबकि पॉलिसी बाजार ने बीमा क्षेत्र को डिजिटल बनाकर करोड़ों भारतीयों को सरल बीमा सेवाएं उपलब्ध कराई हैं।
हरियाणा से जुड़े हैं देश के 117 यूनिकॉर्न में से 19
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज देश के 117 यूनिकॉर्न में से 19 यूनिकॉर्न हरियाणा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गुरुग्राम की सफलता को करनाल तक, पंचकूला के नवाचार को पलवल तक और हिसार की उद्यमिता को सिरसा तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक स्टार्टअप प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि एक राज्यव्यापी स्टार्टअप अभियान है। इस अभियान के तहत सभी 23 जिलों तक पहुंच बनाई जाएगी।
हर जिले से स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसर तैयार करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले से नवाचार सामने आए, हर जिले से स्टार्टअप्स निकलें और हर जिले में रोजगार के नए अवसर तैयार हों। उन्होंने युवाओं को विश्वास दिलाया कि उनका कोई भी अच्छा विचार संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं में असीम प्रतिभा, अपार ऊर्जा और कुछ नया कर दिखाने का अद्भुत साहस है। इसी क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में लगातार अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उत्कृष्ट स्टार्टअप और उद्यमियों के लिए पुरस्कारों का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पुरस्कारों का भी प्रावधान किया गया है। शीर्ष 5 स्टार्टअप को 5 लाख रुपये से 15 लाख रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसी प्रकार शीर्ष 5 उभरते उद्यमियों को 1 लाख रुपये से 5 लाख रुपये तक के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को अपने विचारों और नवाचारों को उद्यम में बदलने के लिए प्रोत्साहित करना है।
हरियाणा को ‘इनोवेशन कैपिटल’ बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा को केवल औद्योगिक शक्ति ही नहीं, बल्कि भारत की ‘इनोवेशन कैपिटल’ के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विचार से विस्तार तक, स्टार्टअप से रोजगार तक और रोजगार से विकसित हरियाणा तक की यात्रा आज से शुरू हुई है।
ये भी पढ़ें – CEC के खिलाफ सड़कों पर संग्राम: दिल्ली में AAP का प्रदर्शन, मुंबई में CJP का ‘जेल भरो आंदोलन’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









