UP News : उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर स्थापना में सितंबर 2026 के दौरान देश में पहला स्थान हासिल किया है. सितंबर महीने में प्रदेश में कुल 74,796 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश ने मासिक स्थापना के मामले में आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों को पीछे छोड़ दिया.
सितंबर की राष्ट्रीय रैंकिंग में आंध्र प्रदेश 69,813 इंस्टॉलेशन के साथ दूसरे और महाराष्ट्र 60,907 इंस्टॉलेशन के साथ तीसरे स्थान पर रहा. गुजरात में 45,616 और केरल में 30,315 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए. इस तरह सितंबर में यूपी की स्थापना इन प्रमुख राज्यों की तुलना में सबसे अधिक रही.
प्रदेश में सितंबर के दौरान हर दिन औसतन 2,493 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए. 30 सितंबर को एक ही दिन में 3,389 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए. पूरे महीने में यूपी ने गुजरात से 29,180 और महाराष्ट्र से 13,889 अधिक इंस्टॉलेशन किए. देशभर में सितंबर के दौरान कुल 4,38,815 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए, जिसमें यूपी की हिस्सेदारी करीब 17 प्रतिशत रही.
8.67 लाख से ज्यादा सोलर प्लांट स्थापित
30 सितंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश में पीएम सूर्य घर योजना के तहत कुल 8,67,755 रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन हो चुके हैं. इनकी कुल स्थापित क्षमता 2,911.39 मेगावाट तक पहुंच गई है. संचयी आंकड़ों में गुजरात 8,70,152 इंस्टॉलेशन के साथ यूपी से सिर्फ 2,397 इंस्टॉलेशन आगे है. वहीं महाराष्ट्र में कुल 8,27,182 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए हैं.
पीएम सूर्य घर
मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए सब्सिडी दी जाती है. योजना की निर्धारित अवधि 31 मार्च 2027 तक है. अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय रहते आवेदन करने और पात्रता के अनुसार सब्सिडी का लाभ लेने की अपील की है. इसके लिए पीएम सूर्य घर राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- शतायु बुजुर्गों का बढ़ा मान, UP में 3 शतायु और 4 वरिष्ठ अचीवर्स को मिला सम्मान, स्वास्थ्य से पेंशन तक सुविधाओं पर जोर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









