UPPSC Enforcement Constable : उत्तर प्रदेश में प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने परिवहन विभाग में प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों पर आयोजित चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. विज्ञापन संख्या-04-परीक्षा/2023 के तहत हुई इस भर्ती में मुख्य लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक एवं शारीरिक प्रवीणता और दक्षता परीक्षा के साथ अभिलेख परीक्षण के बाद 477 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है.
आयोग के अनुसार कुल 477 रिक्त पदों में 225 पद अनारक्षित, 93 अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति, 99 अन्य पिछड़ा वर्ग और 47 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए निर्धारित थे. इन सभी पदों के सापेक्ष 477 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है.
महिला और पूर्व सैनिक श्रेणी में भी पूरा चयन
क्षैतिज आरक्षण के तहत महिला वर्ग के लिए निर्धारित 95 पदों पर 95 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. सैन्य वियोजित/भूतपूर्व सैनिक श्रेणी में 23 पदों के मुकाबले सभी 23 पदों पर चयन किया गया. स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित वर्ग में नौ पदों के मुकाबले उपलब्धता के आधार पर तीन अभ्यर्थी चयनित हुए हैं.
वहीं, इस श्रेणी के छह अवशेष पदों और उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के नौ पदों के लिए संबंधित श्रेणी में अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण नियमों के अनुसार मेरिट के आधार पर अन्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है.
39 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक
अंतिम परिणाम में 39 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से शामिल किया गया है. इनका अंतिम चयन आवश्यक दस्तावेज और प्रमाण पत्रों के परीक्षण के बाद आयोग के निर्णय पर निर्भर करेगा. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिणाम संबंधित विज्ञापन से जुड़ी उच्च न्यायालय में लंबित रिट याचिकाओं और विशेष अपीलों में आने वाले आदेशों के अधीन रहेगा.
वेबसाइट पर सूची और कटऑफ जारी आयोग ने चयनित 477 अभ्यर्थियों के अनुक्रमांकों की सूची और संबंधित कटऑफ अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और कटऑफ देख सकते हैं.
ये भी पढ़ें- कुशीनगर में बाढ़ राहत को युद्धस्तर पर किया गया सक्रिय, NDRF-SDRF समेत टीमें तैनात, योगी सरकार का राहत अभियान तेज
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









