Uttar Pradesh

UP में बारिश बनी आफत, 48 घंटे में 15 लोगों की मौत, मौसम विभाग ने कई जिलों में जारी किया अलर्ट

Heavy Rain Alert : उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं. तेज बारिश और हवाओं के कारण जहां कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई है, वहीं कई जगह पेड़ गिरने और कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं. बारिश से जुड़ी घटनाओं में प्रदेश में 10 लोगों की मौत और 17 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. यह सिस्टम पिछले छह घंटे में करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है.

मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर से गुजरते हुए अगले कुछ घंटों में धीरे-धीरे कमजोर हो सकता है. लखनऊ में लगे डॉप्लर मौसम रडार के जरिए इसकी लगातार निगरानी की जा रही है.

63 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

शनिवार को उत्तर प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से करीब 19 गुना ज्यादा बारिश हुई है.

लखनऊ में 21 घंटे के दौरान 125.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं फतेहगढ़ में 224 मिलीमीटर, बांदा में 227.6 मिलीमीटर, बहराइच के नानपारा में 217 मिलीमीटर, हरदोई में 214 मिलीमीटर और कन्नौज में 204 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

कई जिलों में जलभराव

लगातार बारिश के कारण मुरादाबाद समेत कई शहरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. मुरादाबाद जिला पशु चिकित्सालय में भी बारिश का पानी घुस गया. तेज हवाओं के चलते कई जगह पेड़ गिरे हैं, जबकि कच्चे मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं.

बारिश और हवाओं से प्रदेश में 117 मकानों को नुकसान पहुंचा है. वहीं कई इलाकों में फसलों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है. निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

कई जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा

IMD ने पूर्वी यूपी, मध्य यूपी और तराई क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. अगले 24 घंटे में कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का हल्का से मध्यम खतरा भी बताया गया है.

आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, गोरखपुर, बस्ती, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, कौशांबी और चित्रकूट समेत कई जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.

CM ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश और बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, उन्होंने जनहानि और पशुहानि पर नियमानुसार मुआवजा देने के साथ ही घर गिरने से प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने को कहा है.

फसलों के नुकसान का आकलन कर किसानों को मुआवजा देने और प्रभावित लोगों को राहत शिविरों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं. वहीं बिजली व्यवस्था पर नजर रखते हुए स्थानीय फॉल्ट को जल्द ठीक करने और समस्या की जानकारी 1912 हेल्पलाइन पर देने की अपील की गई है.

ये भी पढ़ें- Trade Show 2026 : जेन अल्फा के हाथों में ‘दुनिया की कमान’, ट्रेड शो में बच्चों ने संभाला ग्लोबल लीडर्स का रोल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button