UP News : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शनिवार (26 सितंबर) को हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. सड़कों और गलियों से लेकर लोगों के घरों और दुकानों तक पानी पहुंच गया. इसी बीच बेतियाहाता वार्ड के पार्षद और अधिवक्ता विश्वजीत त्रिपाठी ने सांसद रवि किशन को फोन कर शहर के हालात की जानकारी दी, लेकिन बातचीत के दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई.
गोरखपुर में पिछले तीन दिनों से हल्की बारिश जारी थी, लेकिन शनिवार दोपहर चक्रवाती हवाओं के साथ बारिश ने अचानक जोर पकड़ लिया. इसके बाद शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया. बेतियाहाता वार्ड भी इससे प्रभावित रहा.
वार्ड की स्थिति को लेकर पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने सांसद रवि किशन से फोन पर बात की और उन्हें जलभराव की समस्या से अवगत कराया.
सपा और बसपा को लेकर हुई बहस
बातचीत के दौरान रवि किशन ने नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर पूछा कि क्या उन्होंने सपा ज्वाइन कर ली है. इस पर पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने जवाब देते हुए कहा कि वह शहर की समस्या बता रहे हैं, ऐसे में सपा में शामिल होने की बात क्यों की जा रही है.
इसके बाद पार्षद ने भी सांसद से सवाल करते हुए पूछा कि क्या उन्होंने बसपा ज्वाइन कर ली है. इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पार्षद रामगढ़ताल के मुख्य द्वार पर खड़े दिखाई दे रहे हैं.
जलभराव पर सांसद-पार्षद आमने-सामने
पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी का कहना है कि बातचीत के दौरान सांसद ने अपना लोकेशन भी वहीं बताया था, लेकिन वीडियो में उन्हें वहां नहीं देखा गया.
वहीं, रवि किशन का एक अन्य वीडियो सामने आया है, जिसमें वह गोरखपुर के नगर आयुक्त अजय जैन और महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव के साथ शहर के जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं.
बताया जाता है कि विश्वजीत त्रिपाठी ने सपा के टिकट पर पार्षद चुनाव जीता था और बाद में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली थी. बारिश और जलभराव के बीच सांसद और पार्षद के बीच हुई फोन पर बातचीत अब चर्चा का विषय बनी हुई है.
ये भी पढ़ें- Trade Show 2026 : जेन अल्फा के हाथों में ‘दुनिया की कमान’, ट्रेड शो में बच्चों ने संभाला ग्लोबल लीडर्स का रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









