Political New : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर एक बार फिर बड़ा बयान दिया है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है.

राहुल गांधी ने एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि पहले ज्ञानेश कुमार, जो उस समय एक कार्यरत IAS अधिकारी थे, उनका इस्तेमाल बीजेपी के लिए भर्ती करने में किया गया. इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और शाह ने उन्हें चुनावों में “अंपायर” बना दिया और चुनाव प्रक्रिया में “मैच-फिक्सिंग” की जिम्मेदारी सौंप दी.
राहुल गांधी ने यह प्रतिक्रिया उस पोस्ट के जवाब में दी, जिसमें केरल के पूर्व मुख्य सचिव जिजी थॉमसन के हवाले से दावा किया गया है कि ज्ञानेश कुमार ने उनसे संपर्क कर बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने और मंत्री पद का प्रस्ताव दिया था.
बीजेपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
राहुल गांधी के आरोपों पर बीजेपी सांसद रवि शंकर प्रसाद ने पलटवार किया, उन्होंने कहा कि एक मीडिया रिपोर्ट के आधार पर विपक्ष, खासतौर पर कांग्रेस और राहुल गांधी, चुनाव आयोग पर जिस तरह के आरोप लगा रहे हैं, वह दुर्भाग्यपूर्ण है.
रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि चुनाव आयोग ने इस मामले में प्रेस नोट जारी किया है और SIR (Special Intensive Revision) से जुड़े फैसले मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए हैं.
विवादों के बीच चुनाव आयोग की अहम बैठक
इस पूरे विवाद के बीच शनिवार को नई दिल्ली स्थित चुनाव आयोग मुख्यालय में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त एसएस संधू तथा विवेक जोशी की बैठक हुई.
यह बैठक चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को लेकर उठ रहे सवालों के बीच हुई. बैठक के बाद आयोग ने एक विस्तृत प्रेस नोट जारी किया, जिसमें SIR प्रक्रिया, ECINet, फॉर्म-6, दावों और आपत्तियों समेत अन्य मुद्दों पर जानकारी दी गई.
चुनाव आयोग ने अपने कामकाज और हालिया फैसलों को लेकर उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है, जबकि विपक्ष लगातार इन मुद्दों को लेकर सवाल उठा रहा है.
ये भी पढ़ें- Trade Show 2026 : जेन अल्फा के हाथों में ‘दुनिया की कमान’, ट्रेड शो में बच्चों ने संभाला ग्लोबल लीडर्स का रोल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









