Uttar Pradesh

CM योगी ने शुरू की 12 हजार करोड़ की आवासीय योजनाएं, 10 लाख लोगों को मिलेगा लाभ

UP News : राजधानी में घर का सपना देखने वालों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बड़ी सौगात दी. मुख्यमंत्री ने आगरा एक्सप्रेसवे के निकट ग्राम दोना में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की दो बड़ी आवासीय योजनाओं वरुण विहार और नैमिष नगर का भूमिपूजन किया.

करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से 10,680 एकड़ में विकसित होने वाली इन योजनाओं के तहत 4520 भूखंडों के पंजीकरण की शुरुआत की गई. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 2166 करोड़ रुपये से प्रस्तावित पांच मल्टीस्टोरी हाउसिंग प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास भी किया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वरुण विहार योजना 6500 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में विकसित होगी, जिसमें करीब छह लाख लोगों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी. वहीं नैमिष नगर योजना 4100 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी, जिससे चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा, उन्होंने कहा कि नैमिष नगर को नैमिषारण्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है.

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा वरुण विहार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में लखनऊ और सीतापुर के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होगी. वरुण विहार के बीच से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी दी जाएगी, उन्होंने कहा कि योजनाओं में जिन किसानों की जमीन शामिल होगी, उन्हें सीधे मुआवजा दिया जाएगा. एलडीए और किसानों के बीच कोई मध्यस्थ नहीं रहेगा.

लखनऊ विकास की नई बुलंदियों को छू रहा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि लखनऊ अब श्रद्धेय अटल जी के सपनों का लखनऊ बनकर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, उन्होंने कहा कि राजधानी में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरपोर्ट, मेट्रो और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का विस्तार हो रहा है.

उन्होंने कहा कि लखनऊ में टाटा ऑटोमोबाइल फैक्ट्री, अशोक लीलैंड का इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, किसान पथ, ग्रीन कॉरिडोर और एआई सिटी जैसी परियोजनाएं शहर को नई पहचान दे रही हैं.

नियोजित शहरी विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती आबादी के लिए नियोजित शहरी विकास जरूरी है, उन्होंने कहा कि पहले बिना योजना के जमीन खरीदने से लोगों को सड़क, बिजली और पानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था, उन्होंने कहा कि नई आवासीय योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना, अफोर्डेबल हाउसिंग, ग्रुप हाउसिंग और भूखंडों के विकल्प उपलब्ध होंगे, ताकि हर आय वर्ग के लोगों को सुविधा मिल सके.

एससीआर से जुड़े छह जिलों का होगा विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ को स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसके तहत लखनऊ के साथ उन्नाव, हरदोई, बाराबंकी, सीतापुर और रायबरेली के विकास की योजना बनाई जा रही है, उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी, शिक्षा, पर्यटन, पब्लिक मोबिलिटी और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम किया जा रहा है.

किसानों को मिला करोड़ों का मुआवजा

मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजनाओं के लिए जमीन देने वाले किसानों को सीधे खाते में मुआवजा दिया गया है, उन्होंने कई किसानों को मिले मुआवजे का जिक्र किया, उन्होंने किसानों से अपील की कि मुआवजे की राशि का उपयोग भविष्य को बेहतर बनाने के लिए करें और इसे उद्योग या जमीन खरीदने जैसे कार्यों में लगाएं.

कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद संजय सेठ, विधायक राजेश्वर सिंह, योगेश शुक्ला, डॉ. नीरज बोरा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें- सुहागिन महिलाओं के लिए खास दिन, इस दिन रखा जाएगा करवा चौथ का व्रत, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button