Uttar Pradesh

UPPCS-2025 सफल अभ्यर्थियों के लिए योगी सरकार की पहल, इंटरव्यू तैयारी के लिए आयोजित हुआ नि:शुल्क मॉक इंटरव्यू

UP News : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की यूपीपीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू की तैयारी कराने के लिए योगी सरकार ने विशेष पहल शुरू की है. इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग की ओर से गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में नि:शुल्क मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम आयोजित किया गया.

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (उपाम) से जुड़े आईएएस-पीसीएस अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों का मॉक इंटरव्यू लेकर उनकी तैयारी का आकलन किया.

विशेषज्ञों ने परखी अभ्यर्थियों की तैयारी

मॉक इंटरव्यू के दौरान विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों से अलग-अलग विषयों से जुड़े सवाल पूछे. इस दौरान उनकी विषयगत समझ, जवाब देने की क्षमता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व प्रस्तुति को परखा गया.

अभ्यर्थियों को वास्तविक साक्षात्कार के माहौल का अनुभव कराया गया. साथ ही विशेषज्ञों ने उन्हें इंटरव्यू के दौरान सवालों के जवाब देते समय संतुलित और स्पष्ट दृष्टिकोण रखने, आत्मविश्वास बनाए रखने और प्रभावी तरीके से अपनी बात रखने के सुझाव दिए.

कमियों को पहचानने और सुधार का मिला अवसर

मॉक इंटरव्यू का उद्देश्य केवल सवाल-जवाब तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की वास्तविक स्थिति समझने का मौका देना भी था. विशेषज्ञों ने बातचीत के दौरान अभ्यर्थियों की कमजोरियों और सुधार की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया. इससे अभ्यर्थियों को आगामी वास्तविक इंटरव्यू से पहले अपनी कमियों को पहचानने और उनमें सुधार करने का अवसर मिला.

सभी सफल अभ्यर्थियों के लिए खुला रहा अवसर

समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि नि:शुल्क मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम में विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों और योजनाओं से जुड़े अभ्यर्थियों को शामिल होने का अवसर दिया गया.

इसमें छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन और परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्रों से प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यर्थियों के साथ मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अभ्यर्थियों ने भी हिस्सा लिया. इसके अलावा यूपीपीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थी भी मॉक इंटरव्यू में शामिल हुए.

ये भी पढ़ें- सुहागिन महिलाओं के लिए खास दिन, इस दिन रखा जाएगा करवा चौथ का व्रत, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button