Uttar Pradesh

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में दिखेगी बिजनौर की पहचान, नगीना की काष्ठ कला समेत 10 इकाइयां करेंगी प्रदर्शन

UPITS 2026 : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) के चौथे संस्करण में बिजनौर जिले के हुनर और उत्पादों की खास झलक देखने को मिलेगी. प्रदेश सरकार के इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए बिजनौर की 10 प्रमुख औद्योगिक इकाइयों, निर्यातकों और हस्तशिल्पियों का चयन किया गया है.

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर नगीना की प्रसिद्ध काष्ठ कला, स्टोन क्राफ्ट, टेक्सटाइल, हर्बल चाय, प्राकृतिक मिठास से जुड़े उत्पाद और आधुनिक हेयर फैशन उत्पाद देश-विदेश के खरीदारों के सामने प्रदर्शित किए जाएंगे. आयोजन में दुनिया भर के आयातकों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों की भागीदारी के चलते जिले की छोटी औद्योगिक इकाइयों को वैश्विक बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा.

नगीना की काष्ठ कला को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

बिजनौर का नगीना क्षेत्र अपनी बारीक काष्ठ नक्काशी और शीशम की लकड़ी से तैयार कलाकृतियों के लिए प्रसिद्ध है. ट्रेड शो में वुडन हैंडीक्राफ्ट सेक्टर से जुड़ी तीन इकाइयां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी.

रोहित कुमार की ‘आर०के० हैंडीक्राफ्ट’, विक्रम सिंह चौहान की ‘श्री जी क्राफ्ट’ और तारिक अब्दुल्ला की ‘हैंडओवर इंटरनेशनल’ द्वारा नक्काशीदार वुडन हैंडीक्राफ्ट उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे. इससे स्थानीय काष्ठ कारीगरों को विदेशी खरीदारों से सीधे व्यापारिक अवसर मिलने की उम्मीद है.

टेक्सटाइल और हेयर फैशन भी होंगे आकर्षण

बिजनौर के स्टोन क्राफ्ट और टेक्सटाइल उत्पाद भी ट्रेड शो में अपनी पहचान बनाएंगे, स्टोन हैंडीक्राफ्ट वर्ग में अंकिता राजपूत की इकाई ‘मलिहार’ और शमीम अख्तर की ‘नगीना क्राफ्ट डेवलपमेन्ट सोसाईटी’ द्वारा पत्थर से बने हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा.

वहीं, मो. फैज की ‘ए टू एफ टेक्सटाइल’ द्वारा उच्च गुणवत्ता वाले टेक्सटाइल और हैंडलूम फैब्रिक्स पेश किए जाएंगे. आधुनिक लाइफस्टाइल बाजार को ध्यान में रखते हुए सलीम अहमद की ‘हेयर फैशन इण्डिया’ द्वारा प्रीमियम हेयर विग की रेंज भी प्रदर्शित की जाएगी.

विदुर हर्बल टी और पारंपरिक मिठास भी दिखेगी

कृषि आधारित उत्पादों और पारंपरिक स्वाद को भी इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह मिलेगी. वासुदेव सिंह की ‘वीएस ग्रुप’ द्वारा विदुर हर्बल टी प्रदर्शित की जाएगी. इसके अलावा विजेन्द्र कुमार की ‘क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड’ द्वारा व्हाइट बीटरूट जैगरी (चुकंदर से बना गुड़) और साइलेज पेश किया जाएगा. वहीं, नवनीत कुमार की ‘चतुर्वेदी फूड प्रा०लि०’ द्वारा बतीसा, सोहनपापड़ी और खस्ता गजक जैसे पारंपरिक मिठाई उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे.

MSME इकाइयों को मिलेगा सीधा व्यापारिक अवसर

UPITS-2026 के जरिए बिजनौर के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को वैश्विक बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा. छोटे शिल्पकार और उद्यमी सीधे संस्थागत निवेशकों, कॉर्पोरेट खरीदारों और विदेशी व्यापार प्रतिनिधिमंडलों के साथ B2B संवाद कर सकेंगे.

इससे काष्ठ और स्टोन शिल्प के साथ-साथ कृषि-खाद्य प्रसंस्करण और हथकरघा क्षेत्रों में रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलने की संभावना है.

वैश्विक पहचान बनाने का अवसर

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, बिजनौर के उपायुक्त उद्योग अमित कुमार ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जिले के पारंपरिक दस्तकारों, आधुनिक उद्यमियों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए वैश्विक पहचान बनाने का महत्वपूर्ण मंच है.

उन्होंने बताया कि नगीना का काष्ठ शिल्प हो या जिले के हर्बल और मिष्ठान उत्पाद, चयनित सभी 10 इकाइयों में अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को पूरा करने की क्षमता है. विभाग का उद्देश्य इन इकाइयों को बड़े निर्यातकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़कर व्यापारिक समझौते कराने का है.

ये भी पढ़ें- सुहागिन महिलाओं के लिए खास दिन, इस दिन रखा जाएगा करवा चौथ का व्रत, डिटेल में पढ़ें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button