UP News : उत्तर प्रदेश के वृद्धाश्रमों में रह रहे बुजुर्गों की सेहत और सुविधाओं को लेकर योगी सरकार ने नई पहल शुरू की है. समाज कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश के सभी 75 वृद्धाश्रमों में अब नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इन शिविरों में डॉक्टरों की टीम आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों की बीपी, शुगर, नेत्र और सामान्य स्वास्थ्य की जांच कर रही है. जरूरत पड़ने पर उन्हें निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
सरकार का उद्देश्य बुजुर्गों को केवल सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वस्थ, सम्मानजनक और बेहतर जीवन देना भी है. इसी को ध्यान में रखते हुए वृद्धाश्रमों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ दैनिक जीवन से जुड़ी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है.
हर सप्ताह डॉक्टरों की टीम
वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. डॉक्टरों की टीम आश्रमों में पहुंचकर बुजुर्गों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की जांच करती है.
इन शिविरों में बीपी, शुगर और नेत्र जांच के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाता है. आवश्यकता पड़ने पर बुजुर्गों को जरूरी दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं. इसका उद्देश्य समय पर इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करना है.
दैनिक जीवन की सुविधाओं पर जोर
समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धाश्रमों में बुजुर्गों के दैनिक जीवन को आसान बनाने के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. आश्रमों में स्वच्छ पेयजल, मनोरंजन के लिए टीवी और ज्ञानवर्धन के लिए पुस्तकालय की व्यवस्था की गई है.
इसके अलावा बुजुर्गों को सक्रिय और सकारात्मक दिनचर्या से जोड़ने के लिए योग और ध्यान के सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं. विभाग की ओर से आश्रमों के बुनियादी ढांचे और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है.
आश्रय के साथ पेंशन और आयुष्मान का भी सहारा
समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि सरकार वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों को आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दे रही है. प्रदेश के 75 वृद्धाश्रमों में वर्तमान में 6,607 बुजुर्ग रह रहे हैं. इनमें 4,901 पात्र वृद्धजनों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा है, जबकि 2,551 बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं.
वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में 1,073 नए बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया है. सरकार की कोशिश है कि वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों को आश्रय के साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन की सुविधाएं मिल सकें.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार का जॉब कैलेंडर ऑन, 4 दिन में 5,297 नियुक्तियां, अगले छह महीने में 1 लाख नौकरी देने का लक्ष्य
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









