BJP Congress Controversy : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री वाले एक वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किए गए एक वीडियो के बाद भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
वीडियो में एक मिमिक्री आर्टिस्ट राहुल गांधी के सामने प्रधानमंत्री मोदी की नकल करता दिखाई दे रहा है. राहुल गांधी को वीडियो के दौरान हंसते हुए देखा जा सकता है. बीजेपी नेताओं ने इसी वीडियो को लेकर कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं.
किरेन रिजिजू और स्मृति ईरानी ने किया पलटवार
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने वीडियो को री-पोस्ट करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला, उन्होंने अपनी पोस्ट में कांग्रेस को लेकर टिप्पणी की और कहा कि पार्टी का स्तर गिर गया है. वहीं, बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने भी वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है.
बुजुर्ग महिला को लेकर विवाद
यह वीडियो मध्य प्रदेश के इंदौर का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, मंच पर मिमिक्री आर्टिस्ट पुलकित मनी ने प्रधानमंत्री मोदी की आवाज की नकल करते हुए एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी मांगे जाने वाली घटना का जिक्र किया. बीजेपी नेताओं ने इसे बुजुर्ग महिला के सम्मान से जोड़ते हुए आपत्ति जताई. केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसे बुजुर्ग मां का अपमान बताया.
कई बीजेपी नेताओं ने जताई नाराजगी
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर इस तरह के व्यवहार पर सवाल उठते हैं. केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी इस मामले को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाए.
वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि अगर छात्रों का कार्यक्रम था तो उनसे बातचीत और सवाल-जवाब किए जा सकते थे, लेकिन प्रधानमंत्री की मिमिक्री करना और बुजुर्ग महिला से जुड़े मुद्दे पर मजाक करना उचित नहीं है.
रेखा गुप्ता और गजेंद्र शेखावत ने भी दी प्रतिक्रिया
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वीडियो को लेकर इसे शर्मनाक बताया, उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध और मतभेद हो सकते हैं, लेकिन दिवंगत मां को लेकर टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है.
वहीं, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “किसी का सरनेम चुराया जा सकता है, संस्कार नहीं. फिलहाल इस वीडियो को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें- Spam Calls से मिलेगी राहत, TRAI ने बदले नियम, AI से होगी संदिग्ध नंबरों की पहचान, नंबर होंगे बंद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









