Patna Student Protest : बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर हजारों छात्र सड़क पर उतर आए. छात्र गांधी मैदान में प्रदर्शन कर रहे हैं. इस दौरान जेपी गोलंबर के पास प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई.
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि दारोगा भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी हुई है, इसलिए इसे रद्द किया जाना चाहिए. छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास के घेराव का भी ऐलान किया है.
परीक्षा में पेपर लीक और धांधली का आरोप
बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा 27 मई को आयोजित की गई थी. इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1799 पदों पर भर्ती की जानी थी. छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में पेपर लीक और धांधली हुई है. इसी वजह से अभ्यर्थी पूरी परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे हैं.
इस मांग को लेकर पटना के कई छात्र पिछले कई दिनों से अनशन और प्रदर्शन कर रहे हैं. मंगलवार 15 सितंबर को अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास के घेराव का कार्यक्रम भी घोषित किया था.
परीक्षा में गड़बड़ी की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई
मामले में आर्थिक अपराध इकाई परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी की जांच कर रही है. जांच के दायरे में 79 अलग-अलग कतारों और कमरों के कुल 301 अभ्यर्थियों के परिणाम शामिल हैं.
इसके अलावा परीक्षा के दौरान पूर्णिया और गया में गड़बड़ी सामने आने की बात कही गई है. आर्थिक अपराध इकाई ने आयोग को नोटिस भेजकर इन मामलों से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तृत जवाब मांगा है.
छात्रों ने रखीं कई मांगें
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा और 1799 पदों वाली दारोगा भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता हुई है, इसलिए इन्हें रद्द किया जाना चाहिए.
इसके अलावा छात्र बिहार कर्मचारी चयन आयोग की लंबित परीक्षाओं को जल्द आयोजित कराने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने की मांग कर रहे हैं. छात्रों ने गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच की भी मांग उठाई है. पटना में छात्रों का यह प्रदर्शन नया नहीं है. इससे पहले भी कई मौकों पर छात्र भर्ती से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर चुके हैं. अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि सरकार इस प्रदर्शन को लेकर क्या कदम उठाती है.
ये भी पढ़ें- हिंदी दिवस पर अनुवादिनी फाउंडेशन में खास आयोजन, भाषा और संस्कृति के महत्व पर हुई चर्चा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









