Gurugram Hit And Run Case : गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुए हिट-एंड-रन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को राजस्थान के दौसा से पकड़ा गया है. गुरुग्राम पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची थी, जिसके बाद अब आरोपी को दौसा से गुरुग्राम लाया जा रहा है.
पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा के तहत मामला दर्ज किया है. पीड़िता के परिवार की शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
परिजनों ने थाने में कार्रवाई की मांग की
सोमवार देर रात पीड़िता सिया उर्फ शिवानी चौहान के पिता रोशन चौहान, उनके भाई और अन्य परिजन न्याय की मांग को लेकर सेक्टर-56 पुलिस थाने पहुंचे थे. परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी.
डीसीपी ईस्ट संदीप मलिक ने बताया कि सामने आए वीडियो से साफ पता चलता है कि कार सवार युवक ने जानबूझकर महिला बाइक सवार को टक्कर मारी थी. उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर जान से मारने की कोशिश का मामला बनता है, इसलिए मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई है.
पिता बोले यह सामान्य हादसा नहीं था
पीड़िता के पिता रोशन चौहान ने बताया कि थाने पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें पहले से दर्ज स्वत: संज्ञान वाली प्राथमिकी की प्रति दी, उन्होंने कहा कि वीडियो में जिस तरह की घटना दिखाई दे रही है, वह केवल एक सामान्य दुर्घटना नहीं है. उनकी बेटी कार के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई, उन्होंने कहा कि बेटी घबराई हुई थी, इसलिए उसने शुरुआत में घर पर घटना के बारे में जानकारी नहीं दी.
रोशन चौहान ने कहा कि परिवार न्याय के लिए हर संभव प्रयास करेगा. वहीं, पीड़िता सिया के वकील ने भी पुलिस से मामले में सख्त धाराएं जोड़ने की अपील की है. पुलिस अब जल्द ही पीड़िता का बयान भी दर्ज करेगी.
ये भी पढ़ें- हिंदी दिवस पर अनुवादिनी फाउंडेशन में खास आयोजन, भाषा और संस्कृति के महत्व पर हुई चर्चा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









