Anwar Ibrahim : मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने नई दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी से मुलाकात की. दोनों नेताओं के साथ हुई ब्रेकफास्ट मीटिंग की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें अनवर इब्राहिम राहुल और प्रियंका के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं. यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब मलेशियाई प्रधानमंत्री 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत दौरे पर हैं.
भारत की मेजबानी में 12 और 13 सितंबर को 18वां BRICS शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. मलेशिया BRICS के विस्तार के बाद बने पार्टनर देशों में शामिल है. अनवर इब्राहिम शुक्रवार को सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचे थे.
राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम की इससे पहले भी मुलाकात हो चुकी है. 2024 में भारत यात्रा के दौरान मलेशियाई प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी. उस समय एक न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने इस मुलाकात को अच्छा बताते हुए राहुल गांधी को पारिवारिक मित्र कहा था.
पीएम मोदी से भी हुई द्विपक्षीय वार्ता
अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक भी की. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बातचीत में रक्षा, व्यापार, डिजिटल टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई.
दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में पीएम मोदी की मलेशिया यात्रा के नतीजों की भी समीक्षा की. इसके साथ व्यापार और निवेश, रक्षा-सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क जैसे मुद्दों पर द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति पर बात हुई.
कोटा किनाबालु में खुलेगा भारत का वाणिज्य दूतावास
मलेशियाई प्रधानमंत्री ने कोटा किनाबालु, सबाह में भारत का वाणिज्य दूतावास खोलने के लिए मलेशिया की सहमति की जानकारी दी. वहीं, भारत दौरे के दौरान अनवर इब्राहिम केरल भी जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात भारत के ग्रैंड मुफ्ती से होने की बात कही गई है.
BRICS सम्मेलन के बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ उनकी मुलाकात ने राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में भी ध्यान खींचा है.
ये भी पढ़ें- BRICS देशों में यूपी का दबदबा! योगी सरकार की नीतियों से ₹47,484 करोड़ का निर्यात
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









