Road Repair Campaign : उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण इलाकों में पेयजल व्यवस्था के साथ बेहतर आवागमन की सुविधा देने पर जोर दे रही है. इसी कड़ी में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मानसून के बाद अक्टूबर से पूरे प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सड़क मरम्मत अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, उन्होंने अधिकारियों से अभियान से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा है, ताकि पेयजल योजनाओं के लिए खोदी गई सड़कों को जल्द ठीक कराया जा सके.
जलशक्ति मंत्री ने सोमवार को राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न पेयजल योजनाओं की मंडलवार समीक्षा की, उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई जगह सड़कों की खुदाई की गई है. बारिश के कारण इन मार्गों पर लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अक्टूबर से अभियान चलाकर इन सड़कों को दोबारा भरने, समतल करने और दुरुस्त करने का काम किया जाए. इससे पेयजल योजनाओं के काम के साथ ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा भी मिल सकेगी.
अभियंताओं को क्षेत्र में रात्रि प्रवास के निर्देश
समीक्षा के दौरान स्वतंत्र देव सिंह ने विभिन्न जोन के अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं से क्षेत्र भ्रमण और रात्रि प्रवास को लेकर जानकारी ली, उन्होंने सहायक अभियंताओं (एई) और अवर अभियंताओं (जेई) को भी रात्रि प्रवास करने के निर्देश दिए, ताकि पेयजल योजनाओं के काम की मौके पर नियमित निगरानी हो सके.
समय पर पूरी हों पेयजल योजनाएं
निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के लिए जरूरत के मुताबिक मैनपावर बढ़ाई जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मंत्री ने अधिकारियों को जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा, उन्होंने पेयजल योजनाओं के संचालन और जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए, ताकि तैयार की जा रही योजनाओं का बेहतर संचालन हो और ग्रामीणों को लगातार पेयजल सुविधा मिलती रहे.
अधिकारियों के काम की बनेगी गोपनीय रिपोर्ट
बैठक में मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं (एक्सईएन) को अपने अधीनस्थ अभियंताओं और संबंधित कार्यदायी एजेंसियों के काम की गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर अपर मुख्य सचिव को भेजने के निर्देश दिए गए. इससे योजनाओं की प्रगति के साथ अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों के कामकाज की निगरानी मजबूत होगी.
बैठक में नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक जोगिंदर सिंह, जेएमडी (प्रशासन) डॉ. राजेश प्रजापति, जेएमडी प्रभाष कुमार, स्टेट कोऑर्डिनेटर डीके सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- 11 हजार छात्रों को बड़ा तोहफा, UPSC, SSC, Banking समेत इन प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी कराएगी सरकार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









