Rahul Gandhi : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक और केस दर्ज किया गया है. मामला रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण यज्ञ को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी से जुड़ा है. खास बात यह है कि शिकायत अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले 26 वर्षीय युवक अमित कुमार ने दर्ज कराई है.
हल्द्वानी पुलिस के अनुसार, जवाहर नगर निवासी अमित कुमार की शिकायत पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. अमित वाल्मीकि समुदाय से हैं और श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े हैं. शिकायत में राहुल गांधी को आरोपी बनाया गया है.
शिकायत में लगाया आरोप
अमित कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने रामलीला मैदान में हुए यज्ञ को जातिगत रंग दिया और इससे जुड़े लोगों को छुआछूत मानने वाला और दलित विरोधी बताने की कोशिश की. शिकायतकर्ता का कहना है कि राहुल गांधी की टिप्पणी से वाल्मीकि समाज की भावनाएं आहत हुई हैं.
शिकायत के मुताबिक, अमित कुमार 11 अगस्त को रामलीला मैदान की सफाई और धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मौजूद थे. उनका कहना है कि सफाई और धार्मिक अनुष्ठान का किसी व्यक्ति की जाति से कोई संबंध नहीं था. इसमें अनुसूचित जाति समेत कई वर्गों के लोग शामिल हुए थे.
समिति सदस्यों को धमकियों का दावा
अमित कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिना तथ्यों की पूरी जानकारी लिए शुद्धिकरण को छुआछूत का दूसरा नाम बताया और इसमें शामिल लोगों पर SC-ST एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की, उन्होंने दावा किया कि इसके बाद उनके और समिति के सदस्यों पर सामाजिक और राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें धमकियां भी मिल रही हैं.
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में 8 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा हुई थी. अमित कुमार के मुताबिक, कार्यक्रम के बाद मैदान में कूड़ा-कचरा और शराब की खाली बोतलें मिली थीं, उन्होंने कुछ आपत्तिजनक और जिहादी प्रकृति के नारे लगाए जाने का भी आरोप लगाया.
शुद्धिकरण को लेकर राजनीतिक विवाद
इसके बाद 11 अगस्त को मैदान की सफाई कराई गई और धार्मिक व सांस्कृतिक मर्यादा की पुनर्स्थापना के लिए हवन-शुद्धिकरण कराया गया. इसी को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हुआ.
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर BNS की कई धाराओं के साथ SC-ST एक्ट, 1989 की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. एफआईआर की प्रतियां नैनीताल के एसएसपी, अन्य अधिकारियों और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भेजी गई हैं.
ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









