Uttar Pradesh

अंकित बालियान हत्याकांड में यूपी पुलिस ने किया एनकाउंटर, शामली में सुमित और मोहित ढेर

Meerut News : हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड से जुड़े दो संदिग्ध बदमाश मारे गए. इनकी पहचान सुमित और मोहित के रूप में बताई जा रही है. दोनों की पुलिस को तलाश थी.

पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. कार्रवाई उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हुई. अंकित बालियान की हत्या के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी और मामले की जांच को कई दिशाओं में आगे बढ़ाया जा रहा था.

परिवार ने दी थी चार दिन की मोहलत

अंकित बालियान की हत्या को लेकर परिवार में काफी नाराजगी थी. पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिवार ने पहले नाराजगी जताते हुए पुलिस को चार दिन की मोहलत दी थी. इसके बाद शामली डीएम आलोक यादव और एसपी एनपी सिंह बंतीखेड़ा गांव पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने अंकित के पिता सतवीर सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की. अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए परिवार को न्याय का आश्वासन दिया था.

हरियाणा से जुड़े हत्याकांड के तार

जांच में हत्याकांड का कनेक्शन हरियाणा से जुड़ने की बात सामने आई थी. शामली और मेरठ पुलिस की टीमें हिसार, रोहतक और करनाल तक पहुंची थीं. पुलिस को शक था कि वारदात को अंजाम देने वाले शूटर्स इन्हीं जिलों से जुड़े हो सकते हैं.

पुलिस जांच के मुताबिक, अंकित बालियान को निशाना बनाने के लिए चार बदमाश आए थे. चारों ने एक साथ गोलियां चलाई थीं. सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश पीले गमछे में नजर आए थे. वारदात के बाद सभी के हरियाणा की ओर भागने का दावा किया गया था. फुटेज में एक आरोपी को भागते समय फोन पर किसी से बात करते हुए भी देखा गया था.

अब दो संदिग्धों के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद पुलिस की जांच में आगे क्या सामने आता है, इस पर नजर बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button